उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. राजधानी लखनऊ में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के 1,594 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधा. मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए तंज कसते हुए कहा कि कल वह लखनऊ में ‘मुन्ना भाई गैंग के एक सरगना’ का बयान पढ़ रहे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में एक भी भर्ती ईमानदारी से नहीं होती थी.
‘चाचा-भतीजा वसूली के लिए निकल जाते थे’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों के कार्यकाल में सरकारी भर्तियों में भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि 2017 से पहले यदि कोई नियुक्ति होती भी थी, तो आज यहां मौजूद अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र नहीं मिल पाता. उस समय नियुक्तियों में होने वाली धांधली का जिक्र करते हुए उन्होंने फिल्म ‘मुन्ना भाई’ का उदाहरण दिया.
सीएम योगी ने दावा किया कि पिछली सरकार के दौरान एक ऐसे अभ्यर्थी को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा में टॉप करा दिया गया था, जो हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में तीसरी श्रेणी से उत्तीर्ण हुआ था. उन्होंने कहा कि उस दौर में उत्तर प्रदेश की पहचान उपद्रव प्रदेश के रूप में होती थी. चाचा-भतीजा वसूली के लिए निकल जाते थे और नियुक्ति पत्र मुन्ना भाई लेकर जाता था. पिछली सरकारों ने प्रदेश को अपनी बपौती समझ रखा था.
‘सैफई सिंडिकेट नियुक्ति पत्रों की गिनती नहीं कर पाएगा’
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था लगभग तीन गुना हो गई है. वर्ष 2017 में प्रदेश की अर्थव्यवस्था 12.5 लाख करोड़ रुपये की थी, जो अब बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है.
उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह 50 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का प्रयास किया जा रहा है. नियुक्ति पत्र वितरण की हमारी गति को सैफई सिंडिकेट गिन नहीं पाएगा, क्योंकि वहां नोट गिनने के अलावा और कुछ नहीं गिनते हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को नौकरी देकर उन पर कोई कृपा नहीं कर रही है, बल्कि उनकी मेहनत, प्रतिभा और परिश्रम का सम्मान कर रही है.
‘अखिलेश जी को गिनती आती हो तो हम 10 लाख नियुक्ति पत्र दे चुके होंगे’
समाजवादी पार्टी के 30 लाख युवाओं को नौकरी देने के वादे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि आज सपा के नेता लाखों नौकरियां देने की बात कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश का नौजवान उनसे पूछ रहा है कि जब वह सत्ता में थे, तब उन्होंने क्या किया था.
सीएम योगी ने कहा, ‘अखिलेश जी को गिनती आती हो तो हम 10 लाख नियुक्ति पत्र दे चुके होंगे.’ उन्होंने सपा प्रमुख से उनकी पार्टी की चार सरकारों के दौरान दी गई नौकरियों का हिसाब मांगते हुए कहा कि केवल भविष्य की बात करने से काम नहीं चलेगा, अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल का भी हिसाब देना होगा.
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा के नेता शिक्षा की बात करते हैं, लेकिन अपने बच्चों को पढ़ने के लिए विदेश भेज देते हैं. पिछली सरकारों के दौरान प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं थे और सरकारी बजट का बंदरबांट होता था. उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता पिछली सरकारों को उनके कार्यों की सजा दे चुकी है.
गोमती रिवर फ्रंट को लेकर सपा पर भ्रष्टाचार का आरोप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ की गोमती रिवर फ्रंट परियोजना का जिक्र करते हुए पिछली सरकार को घेरा. उन्होंने दावा किया कि इस परियोजना का शुरुआती बजट 167 करोड़ रुपये था, लेकिन इस पर 1,400 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद काम अधूरा रह गया. सीएम योगी ने कहा कि जब मामले में कार्रवाई शुरू हुई तो पता चला कि अधिकारियों को मौखिक आदेश दिए गए थे. निचले स्तर के कर्मचारी जेल चले गए, जबकि भ्रष्टाचार से पैसा कमाने वाले बड़े लोग इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में संपत्तियां बनाकर ऐश कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि नवचयनित अभ्यर्थियों में वित्त विभाग से जुड़े ऑडिटर और अकाउंटेंट भी शामिल हैं. यदि कोई सरकार या वरिष्ठ अधिकारी गलत काम करने का दबाव बनाए तो उसे साफ मना कर देना चाहिए.
‘सपा पेशेवर गुंडों को पालती थी’
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बढ़ते निवेश का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज यह क्षेत्र निवेश का प्रमुख केंद्र बन चुका है, जबकि 2017 से पहले निवेशकों के सामने सुरक्षा का संकट रहता था. उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी पेशेवर गुंडों को संरक्षण देती थी और अपने लोगों को लूट-खसोट की छूट देती थी.
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने सख्त कार्रवाई करते हुए चार लाख लोगों को आवास दिलाने का काम किया है. उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था और निवेश के माहौल में आए बदलाव को अपनी सरकार की उपलब्धि बताया.
‘पहले कट्टा और बम बनते थे, आज मिसाइलें बन रही हैं’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास और रक्षा उत्पादन का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली सरकारों के दौरान प्रदेश में कट्टा और बम बनाए जाते थे, जबकि आज लखनऊ में दुनिया की बेहतरीन मिसाइलें बन रही हैं. उन्होंने कहा कि यदि युवाओं को शिक्षा देने के बाद रोजगार के अवसर उपलब्ध नहीं कराए जाएंगे, तो उन्हें रोजगार की तलाश में दक्षिण भारत के राज्यों की ओर जाना पड़ेगा. आज उत्तर प्रदेश के युवाओं को अपने ही प्रदेश में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और यही बदलते उत्तर प्रदेश की नई पहचान है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के लोग पिछली सरकारों के कामकाज से परिचित हैं. उन्होंने अपनी सरकार की विकास और रोजगार संबंधी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अभी सरकार को रुकना नहीं है, यह तो सिर्फ शुरुआत है.


