संसद की आगामी बैठक से पहले परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार की समर्थन जुटाने की कोशिशों के बीच बड़ी खबर सामने आई है. वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (YSRCP) के बाद अब द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने भी प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को सशर्त समर्थन देने की इच्छा जताई है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, बीजेपी ने हाल ही में इस मुद्दे पर डीएमके नेतृत्व से संपर्क किया था, जिसके बाद पार्टी ने केंद्र सरकार के सामने दो प्रमुख शर्तें रखी हैं. यदि सरकार इन शर्तों को स्वीकार करती है, तो डीएमके विधेयक का समर्थन कर सकती है.
बीजेपी के सामने DMK ने रखीं दो बड़ी शर्तें
डीएमके नेतृत्व ने मांग की है कि परिसीमन के बाद संसद में तमिलनाडु सहित सभी राज्यों के प्रतिनिधित्व का मौजूदा प्रतिशत बरकरार रखा जाए. इसके अलावा प्रस्तावित बढ़ोतरी के बाद अगले 25 वर्षों तक लोकसभा सीटों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया जाए. पार्टी चाहती है कि इन दोनों शर्तों को विधेयक में शामिल किया जाए.
डीएमके के एक वरिष्ठ नेता से जब पूछा गया कि क्या पार्टी सभी राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी का समर्थन करेगी, तो उन्होंने दोनों शर्तों के साथ सहमति जताई. उन्होंने कहा कि यदि डीएमके ने पहले विधेयक का विरोध नहीं किया होता, तो संभवतः यह प्रस्ताव सामने नहीं आता. बीजेपी दोनों मांगों को स्वीकार करती है तो पार्टी और तमिलनाडु को भविष्य में इसका फायदा मिल सकता है.
तमिलनाडु का संसदीय प्रतिनिधित्व कम होने की आशंका
डीएमके सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने पहले परिसीमन विधेयक का विरोध इसलिए किया था, क्योंकि वर्ष 2027 की जनगणना के आधार पर परिसीमन होने से संसद में तमिलनाडु की प्रतिनिधित्व हिस्सेदारी कम होने की आशंका थी. जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले दक्षिणी राज्यों को चिंता है कि नई जनगणना के आधार पर सीटों का आवंटन होने से उनकी संसदीय हिस्सेदारी प्रभावित हो सकती है.
पार्टी सूत्रों का कहना है कि यदि नए मसौदे में तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व का मौजूदा प्रतिशत सुरक्षित रखने और नई जनगणना के आधार पर अगला परिसीमन 25 वर्षों के बाद कराने की व्यवस्था होती है, तो यह एक उचित समझौता होगा. सूत्रों ने बीजेपी की ओर से संपर्क किए जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि पार्टी ने अपनी मांगें केंद्र के सामने रख दी हैं.
लोकसभा में 22 और राज्यसभा में 8 सांसद, क्यों अहम है DMK का समर्थन?
लोकसभा में डीएमके के 22 और राज्यसभा में आठ सांसद हैं. परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए संसद के दोनों सदनों में विशेष बहुमत की आवश्यकता होगी. ऐसे में डीएमके का समर्थन केंद्र सरकार के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है.
डीएमके का कहना रहा है कि वह परिसीमन के विचार के खिलाफ नहीं है, बल्कि इस प्रक्रिया को सभी राज्यों के लिए निष्पक्ष बनाना चाहती है. इससे पहले अगस्त में पार्टी ने तमिलनाडु विधानसभा में विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) की सरकार के उस प्रस्ताव का भी समर्थन किया था, जिसमें केंद्र सरकार से लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या को बरकरार रखने का आग्रह किया गया था.
CPM ने जताई चिंता, DMK से रुख स्पष्ट करने की मांग
परिसीमन विधेयक को लेकर बीजेपी और डीएमके के बीच संभावित सहमति की खबरों पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPM) ने चिंता जताई है. पार्टी के तमिलनाडु राज्य सचिव षणमुगम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर डीएमके नेतृत्व से तमिलनाडु और दक्षिणी राज्यों के हितों की रक्षा करने की अपनी प्रतिबद्धता पर अडिग रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि डीएमके को परिसीमन के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए, ताकि किसी भी तरह की राजनीतिक अटकलों की गुंजाइश न रहे.
केंद्र सरकार के फैसले पर टिकी नजर
वाईएसआर कांग्रेस के बाद डीएमके की ओर से सशर्त समर्थन के संकेत मिलने से परिसीमन विधेयक को लेकर नए संसदीय समीकरणों की चर्चा शुरू हो गई है. डीएमके की दोनों मांगों पर केंद्र सरकार की औपचारिक प्रतिक्रिया अभी सामने नहीं आई है. ऐसे में पार्टी विधेयक के पक्ष में मतदान करेगी या नहीं, यह सरकार के फैसले और विधेयक के अंतिम प्रावधानों पर निर्भर करेगा.


