बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान 61 साल की उम्र में तीसरी बार शादी करने जा रहे हैं. आमिर 5 जुलाई को अपनी लंबे समय से दोस्त और गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ एक निजी समारोह में रजिस्टर्ड मैरिज करेंगे. शादी उनके घर पर होगी और इसमें केवल परिवार, करीबी दोस्त और फिल्म इंडस्ट्री के चुनिंदा लोग ही शामिल होंगे.
100 से 150 मेहमान होंगे शामिल
सूत्रों के मुताबिक, शादी समारोह में करीब 100 से 150 मेहमान शामिल होंगे. आमिर और गौरी ने खुद मेहमानों की सूची तैयार की है और समारोह को पूरी तरह निजी रखने का फैसला किया है. शादी में दोनों परिवारों के सदस्य, करीबी मित्र और फिल्म इंडस्ट्री की कुछ जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहेंगी.
रजिस्टर्ड मैरिज के बाद होगा खास लंच
आमिर और गौरी स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत अपनी शादी रजिस्टर कराएंगे. इसके बाद मेहमानों के लिए खास लंच का आयोजन होगा. बताया जा रहा है कि दोनों ने अपनी पसंद के व्यंजनों को मेन्यू में शामिल किया है और खाने की तैयारियों पर भी खुद नजर रख रहे हैं.
परिवार और करीबी दोस्त बनेंगे गवाह
शादी में आमिर खान के तीनों बच्चे—जुनैद खान, आयरा खान और आजाद—मौजूद रहेंगे. इसके अलावा फिल्ममेकर आशुतोष गोवारिकर और राजकुमार संतोषी समेत आमिर के कई करीबी दोस्तों के भी समारोह में शामिल होने की संभावना है.
आमिर ने खुद किया था निजी समारोह का जिक्र
हाल ही में फिल्ममेकर राजकुमार हिरानी के शो के प्रीमियर पर आमिर खान ने अपनी शादी को लेकर कहा था कि यह उनके जीवन का बेहद खास मौका है और वह इसे बड़े आयोजन की बजाय परिवार और करीबी लोगों के बीच सादगी से मनाना चाहते हैं.
तीसरी बार बसाएंगे घर
आमिर खान की पहली शादी रीना दत्ता से हुई थी, जिनसे उन्हें जुनैद और आयरा खान हैं. इसके बाद उन्होंने फिल्ममेकर किरण राव से शादी की, जिनसे उनका बेटा आजाद है. अब आमिर गौरी स्प्रैट के साथ जीवन की नई शुरुआत करने जा रहे हैं. गौरी का भी एक बेटा है.


