बरेली: में पिछले 24 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश ने शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। रामपुर गार्डन स्थित मुख्य फायर स्टेशन परिसर पूरी तरह से जलमग्न हो गया है। स्टेशन के अंदर डेढ़ से तीन फीट तक पानी भर गया है, जिससे दमकल की गाड़ियां और सीएफओ की गाड़ी भी आधे पहियों तक डूब गई है।
फायर कर्मियों का कहना है कि यह बिल्डिंग 1982 में बनी थी और अब काफी जर्जर हो चुकी है। जलभराव के कारण कर्मचारियों को पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है और रात के समय कमरों में पानी भरने से उन्हें सोने तक की जगह नहीं मिल पा रही है। कर्मचारियों ने बताया कि बिल्डिंग की छत से भी पानी टपकता है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। हालात इतने खराब हैं कि फायर कर्मियों के लिए वहां रहना मुश्किल हो गया है। प्रशासन को इस ओर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है ताकि आपातकालीन सेवाओं में कोई बाधा न आए।
यह बिल्डिंग 1982 में बनी थी जो काफी ज्यादा पुरानी है। रात में सारे कमरों में पानी भर जाने की वजह से हम सही टाइम पे सो भी नहीं पाए हैं।
सौरभ सिंह, फायरमैन