मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के सबसे व्यस्त बाजारों में शामिल न्यू मार्केट में गुरुवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई आग एक छोले-भटूरे की दुकान से शुरू हुई और देखते ही देखते आसपास की करीब चार दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
कड़ाही से उठी चिंगारी ने लिया विकराल रूप
जानकारी के मुताबिक, दोपहर के समय दुकान पर भटूरे तले जा रहे थे और बाजार में ग्राहकों की काफी भीड़ थी. इसी दौरान कड़ाही से अचानक आग की लपटें उठीं. आग ने सबसे पहले दुकान के ऊपर लगे पर्दों और आसपास रखे सामान को अपनी चपेट में लिया. दुकान कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में लपटें तेजी से फैलने लगीं. देखते ही देखते आग ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया.
30 फीट से ज्यादा ऊंची उठीं लपटें, 2 किलोमीटर दूर तक दिखा धुआं
आग इतनी भीषण थी कि लपटें करीब 30 फीट से ज्यादा ऊंचाई तक उठती दिखाई दीं. आसमान में उठता काले धुएं का गुबार इतना घना था कि न्यू मार्केट से करीब 2 किलोमीटर दूर एमपी नगर इलाके से भी इसे देखा जा सकता था.
भीड़भाड़ वाले बाजार में मची भगदड़ जैसी स्थिति
घटना के वक्त न्यू मार्केट में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे. अचानक आग और धुएं का गुबार देखकर लोगों में दहशत फैल गई. लोग सुरक्षित जगह की ओर भागने लगे. कुछ ही देर में पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
दमकल की कई गाड़ियां मौके पर
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. दमकलकर्मी आग को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोकने और पूरी तरह बुझाने में जुटे हुए हैं. फिलहाल आग लगने से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन सामने नहीं आया है. वहीं, घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी भी फिलहाल नहीं मिली है. आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान और घटना की वास्तविक वजह की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.