भागलपुर: देश में एक बार फिर कोरोना वायरस के मामले बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र के बाद अब बिहार में भी कोविड-19 संक्रमण के मामले सामने आए हैं। भागलपुर में 66 वर्षीय बुजुर्ग और उनकी 30 वर्षीय बेटी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। दोनों का इलाज जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (JLNMCH) के कोविड वार्ड में चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर संपर्क में आए लोगों की पहचान और जांच शुरू कर दी है।
पिता के बाद बेटी भी हुई संक्रमित
जानकारी के मुताबिक, संक्रमित बुजुर्ग बिहार के बांका जिले के निवासी हैं और भागलपुर में अपनी बेटी के घर रह रहे थे। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तिलकामांझी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 16 जुलाई को हुई आरटी-पीसीआर जांच में उनकी रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव आई। बुजुर्ग की देखभाल कर रही उनकी 30 वर्षीय बेटी में 20 जुलाई को सर्दी और खांसी जैसे लक्षण दिखाई दिए। जांच कराने पर उनकी रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई। फिलहाल दोनों मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
संपर्क में आए लोगों की हो रही पहचान
दोनों मामलों की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग शुरू कर दी है। संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर उनकी जांच कराई जा रही है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
प्रशासन ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराने की बजाय सतर्क रहें। अधिकारियों का कहना है कि समय पर जांच, उपचार और जरूरी सावधानियां अपनाकर संक्रमण के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र में भी बढ़ रहे हैं मामले
बिहार से पहले आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र में भी कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आंध्र प्रदेश में 26 जून से 16 जुलाई 2026 के बीच 12 नए मामले सामने आए हैं। इनमें 4 मरीजों की मौत हुई है, हालांकि स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सभी मृतक पहले से गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे। वहीं महाराष्ट्र में जुलाई महीने के दौरान कोरोना संक्रमण के करीब 50 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
स्वास्थ्य विभाग की सलाह
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यदि सर्दी, खांसी, बुखार या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत जांच करानी चाहिए। साथ ही बुजुर्गों, गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों और कमजोर प्रतिरक्षा वाले व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है।