Bihar Assembly Election Phase 2 Voting Live Updates : बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान आज संपन्न हो गया है। इस चरण में **3 करोड़ 70 लाख से अधिक मतदाता** ने **122 सीटों** पर **1,302 उम्मीदवारों** के भाग्य का फैसला किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार के आधा दर्जन से अधिक मंत्री भी इस चरण में शामिल थे। इस चरण में **45,399 मतदान केंद्रों** पर वोट डाले गए, जिनमें से 40,073 केंद्र ग्रामीण इलाकों में थे। मतदाताओं में लगभग **1.75 करोड़ महिलाएँ** शामिल थीं। हिसुआ सीट (नवादा) में सबसे अधिक **3.67 लाख मतदाता** थे, जबकि लौरिया, चनपटिया, रक्सौल, त्रिवेणीगंज, सुगौली और बनमखी में प्रत्याशियों की संख्या सबसे ज्यादा (**22-22**) थी। पहले चरण में 121 सीटों पर मतदान हुआ था, जिसमें 65% से अधिक मतदान दर्ज किया गया था।
सीमांचल में दूसरे चरण का मतदान
दूसरे चरण में मतदान पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज समेत **नेपाल सीमा से सटे जिलों** में हुआ। सुरक्षित और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए राज्यभर में **चार लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी** तैनात किए गए थे। इस चरण में अधिकांश सीटें **सीमांचल** क्षेत्र की हैं, जहाँ मुस्लिम आबादी अधिक है, जिससे यह चरण एनडीए और इंडिया गठबंधन दोनों के लिए **अत्यंत महत्वपूर्ण** बन गया था। एनडीए विपक्ष पर ‘घुसपैठियों को संरक्षण देने’ का आरोप लगा रहा था, जबकि विपक्ष अल्पसंख्यक मतदाताओं पर भरोसा कर रहा था। प्रमुख उम्मीदवारों में जेडीयू के वरिष्ठ नेता **बिजेंद्र प्रसाद यादव** (सुपौल), बीजेपी के **प्रेमेंद्र कुमार** (गया टाउन), **रेनू देवी** (बेतिया), **नीरेज कुमार सिंह ‘बबलू’** (छातापुर), **लेशी सिंह** (धमदाहा), **शीला मंडल** (फुलपरस) और **जमा खान** (चैनपुर) शामिल थे।
बिहार चुनाव में बढ़-चढ़कर वोट करें
प्रधानमंत्री **नरेंद्र मोदी** ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म **एक्स** पर पोस्ट करते हुए कहा, “बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग आज हो रही है। मैं सभी मतदाताओं से अपील करता हूँ कि वे उत्साहपूर्वक मतदान करें और नए रिकॉर्ड कायम करें। राज्य के युवा, जो पहली बार वोट डालने जा रहे हैं, उनसे विशेष आग्रह है कि वे स्वयं मतदान करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।”
बिहार के भविष्य के लिए करें मतदान
कांग्रेस सांसद **प्रियंका गांधी** ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “बिहार में आज दूसरे और अंतिम चरण का मतदान हो रहा है। मैं प्रदेश के सभी भाइयों और बहनों से अपील करती हूँ कि लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। नौकरी, शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग के विकास के लिए, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए, बिहार के उज्ज्वल भविष्य के लिए वोट करें और ऐसी सरकार चुनें जो पूरी निष्ठा से आपके लिए काम करे।”
जनता का साथ मेरे साथ
निर्दलीय उम्मीदवार और पवन सिंह की पत्नी **ज्योति सिंह** ने मतदान शुरू होते ही दावा किया कि इस बार जीत उन्हीं की होगी। उनका कहना है कि उन्हें जनता का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है।
पूर्णिया से पप्पू यादव ने किया मतदान
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में पूर्णिया से निर्दलीय सांसद **पप्पू यादव** ने अपना मतदान किया।
ईवीएम खराबी और सीमांचल विकास
पूर्णिया से जन अधिकार पार्टी के प्रमुख पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव ड्यूटी पर तैनात कुछ सुरक्षाकर्मी **राजनितिक दलों के कार्यकर्ताओं की तरह** काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई बूथों पर **ईवीएम में खराबी** की शिकायतें आ रही हैं, जो **वोट चोरी की कोशिश** का नतीजा है। पप्पू यादव ने कहा कि उनकी प्राथमिकता सीमांचल और पूर्णिया का विकास है, और उन्हें पूरा विश्वास है कि बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है।
9 बजे तक का मतदान प्रतिशत
अररिया- 15.34%
अरवल- 14.95%
औरंगाबाद- 15.43%
बांका- 15.14%
भागलपुर- 13.43%
गया- 15.97%
जहानाबाद- 13.81%
जमूई- 15.77%
कैमूर- 15.08%
कटिहार- 13.77%
किशनगंज- 15.81%
मधुबनी- 13.25%
नवादा- 13.46%
पश्चिम चंपारण- 15.04%
पूर्णिया- 15.54%
पूर्वी चंपारण- 14.11%
रोहतास- 14.16%
श्योहर- 13.94%
सीतामढ़ी- 13.49%
सुपौल- 14.85%
पहले चरण से भी ज्यादा उत्साह के साथ वोट करें
जन सुराज के संस्थापक **प्रशांत किशोर** ने बिहारवासियों से अपील की कि वे पहले चरण में बने रिकॉर्ड मतदान को तोड़ें और **बदलाव के लिए वोट** दें। उन्होंने कहा कि अपने बच्चों की शिक्षा और रोज़गार के लिए जिम्मेदारी से मतदान करें और पहले चरण से भी अधिक उत्साह के साथ वोट डालें।
मतदान केंद्रों पर भारी भीड़
राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख **उपेंद्र कुशवाहा** ने कहा कि मतदान केंद्रों पर भारी भीड़ दिखाई दे रही है, जिससे स्पष्ट होता है कि जनता बड़े उत्साह के साथ **एनडीए के पक्ष में** वोट कर रही है। उन्होंने कहा कि एनडीए के लिए स्थिति पूरी तरह अनुकूल है।
मतदान हमारा अधिकार और दायित्व
मुख्यमंत्री **नीतीश कुमार** ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि लोकतंत्र में मतदान केवल हमारा **अधिकार** ही नहीं, बल्कि **दायित्व** भी है। उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का उपयोग करने का आग्रह किया।
राजेश वर्मा ने परिवार के साथ किया मतदान
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद **राजेश वर्मा** अपने परिवार के साथ मतदान केंद्र पहुँचे और वोट डालकर अपना कर्तव्य निभाया।
उत्साह के साथ NDA को वोट दें
केंद्रीय मंत्री **जीतन राम मांझी** ने दूसरे चरण के मतदान पर लोगों से अपील की कि वे पहले चरण से भी अधिक उत्साह के साथ मतदान करें और **एनडीए के पक्ष में** वोट दें। उन्होंने कहा कि सड़कें बेहतर हो गई हैं, बिजली 24 घंटे उपलब्ध है, अस्पतालों में दवाइयाँ हैं, और इससे बेहतर सरकार नहीं हो सकती।
मतदान केंद्र के पास हल्की झड़प
मंगलवार को बिहार के नवादा जिले के वारिसलीगंज में अंतिम चरण के मतदान के दौरान एक मतदान केंद्र के पास विभिन्न राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच **हल्की झड़प** हुई।
संजय झा लोग बाहर आकर वोट डाल रहे हैं
**संजय झा** ने कहा कि वह स्वयं मतदान के लिए लाइन में खड़े हैं। उनका कहना है कि वोटिंग बढ़ रही है और लोग घरों से बाहर आकर मतदान कर रहे हैं, जो देश के लिए अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी को वोट दें, पर वोट ज़रूर करें। झा ने **राहुल गांधी** का भी उल्लेख किया, जिन्होंने यहीं से रैली निकाली थी और वोट चोरी का मुद्दा उठाया था, और सवाल किया कि क्या किसी ने भी **वोट चोर** देखा?
राजेश राम परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे
बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष **राजेश राम** ई-रिक्शा पर सवार होकर अपने परिवार के साथ पोलिंग बूथ पर वोट डालने पहुँचे।
बिहार में कड़ी चेकिंग और शांतिपूर्ण मतदान
डीजीपी **विनय कुमार** ने कहा कि बिहार अभी संवेदनशील है और हर जगह **कड़ी चेकिंग** की जा रही है। पूरी तरह से चौकसी बरती गई है। दिल्ली की घटना के बाद पुलिस अलर्ट है और आज का मतदान शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न होगा।
नीतीश कुमार वोटिंग का फीडबैक ले रहे
मुख्यमंत्री **नीतीश कुमार** अचानक जेडीयू दफ्तर पहुँचे। इसके पहले वह सांसद **ललन सिंह** के घर और अन्य नेताओं के घर भी गए थे। नीतीश कुमार अपने नेताओं से वोटिंग का **फीडबैक** ले रहे हैं।
प्रशांत किशोर ने दूसरे चरण में मतदान किया
जनसुराज के संस्थापक **प्रशांत किशोर** ने दूसरे चरण के तहत मतदान किया।
बिहार में दूसरे चरण की वोटिंग और प्रतिशत
बिहार में दूसरे चरण की वोटिंग जारी है। सुबह 11 बजे तक कुल **31.38 प्रतिशत** मतदान हुआ। अलग-अलग जिलों में मतदान का प्रतिशत इस प्रकार है:
पश्चिम चंपारण – 32.39%
पूर्णिया – 32.94%
पूर्वी चंपारण – 31.16%
रोहतास – 29.80%
शिवहर – 31.58%
सीतामढ़ी – 29.81%
सुपौल – 31.69%
जमुई – 33.69%
कैमूर (भभुआ) – 31.98%
कटिहार – 30.83%
किशनगंज – 34.74%
मधुबनी – 28.66%
नवादा – 29.02%
अररिया – 31.88%
अरवल – 31.07%
औरंगाबाद – 32.91%
बांका – 32.88%
भागलपुर – 29.08%
गया – 34.07%
जहानाबाद – 30.36%
फारबिसगंज में समर्थकों की झड़प
अररिया के फारबिसगंज में बीजेपी और कांग्रेस के समर्थक आपस में **भिड़ गए**। स्थिति बिगड़ने पर **सुरक्षाकर्मियों को हस्तक्षेप** करना पड़ा। यह घटना फारबिसगंज कॉलेज के बूथ संख्या 198 की है। कांग्रेस समर्थकों का आरोप है कि बीजेपी विधायक और एनडीए उम्मीदवार ने कांग्रेस वोटरों के खिलाफ **उकसावा** किया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पोलिंग बूथ के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। करीब आधे घंटे बाद सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति पर काबू पाया। एसडीओ **रंजीत कुमार रंजन** ने बताया कि मामला शांत करा लिया गया है और लाठी चार्ज जैसी कोई बात नहीं हुई।
मतदान केंद्र के बाहर मारपीट
जहानाबाद के घोसी विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 220 पर मतदान केंद्र के बाहर दो पक्षों के बीच **मारपीट** हुई है। इस दौरान दो लोग घायल हुए हैं। मौके पर पहुँची पुलिस ने महिला समेत दो लोगों को हिरासत में लिया और पूरा मतदान केंद्र **छावनी में तब्दील** कर दिया।
वारिसलीगंज में गाड़ी क्षतिग्रस्त और मारपीट
नवादा जिले के वारिसलीगंज विधानसभा क्षेत्र में 11 नवंबर 2025 को सुबह 9:30 बजे एक **गाड़ी क्षतिग्रस्त** होने के बाद मारपीट की घटना हुई। सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए **छह लोगों को हिरासत में** लिया। यह घटना वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के माफीगढ़ गाँव में हुई, जहाँ महिंद्रा स्कॉर्पियो (JH01 AP 9488) क्षतिग्रस्त पाई गई। गाड़ी **लालमोहन शर्मा**, पिता मधुसूदन सिंह, निवासी रेवाड़ा, जगदीशपुर, नवादा की बताई गई है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुँचकर आसपास के लोगों से पूछताछ की और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं मिली। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बूथ को क्षतिग्रस्त करने या चुनावी प्रक्रिया में बाधा डालने की बात **गलत** है। चुनावी प्रक्रिया **शांतिपूर्वक रूप से जारी** है और क्षेत्र में विधि-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
कोनकी बूथ पर कोई मतदाता नहीं
रोहतास जिले की चेनारी विधानसभा से बड़ी खबर सामने आई है। कोनकी गाँव के बूथ संख्या- 204 पर सुबह से **एक भी मतदाता नहीं** पहुँचे। गाँव में **पंचायत भवन नहीं बनाए जाने** से मतदाता नाराज़ हैं। फिलहाल अधिकारियों की टीम मतदाताओं को मतदान के लिए मनाने की कोशिश कर रही है। यह मामला शिवसागर के मध्य विद्यालय कोनकी में बनाए गए मतदान केंद्र से जुड़ा है।
दोपहर 1 बजे तक 47.62 प्रतिशत वोटिंग
बिहार में दूसरे चरण के लिए वोटिंग जारी है। दोपहर एक बजे तक के आँकड़े की बात करें तो बिहार में अब तक **47.62 प्रतिशत वोटिंग** हुई है।
अश्विनी चौबे ने डाला वोट
पूर्व केंद्रीय मंत्री **अश्विनी चौबे** ने भागलपुर में अपना वोट डाला।
मैथिली ठाकुर ने मतदान किया
अलीनगर विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार **मैथिली ठाकुर** ने दूसरे चरण के मतदान पर कहा कि उन्होंने अपना वोट डाल दिया है। उन्होंने कहा कि वह अपने क्षेत्र के विकास और देश हित में योगदान के लिए मतदान कर रही हैं। उन्होंने लोगों का प्यार और आशीर्वाद मिलने पर खुशी जताई और कहा कि **14 तारीख को जो भी परिणाम आएगा**, वह सभी के लिए मान्य होगा।
NDA को मिले अधिकतर मत
केंद्रीय मंत्री **जीतन राम मांझी** ने कहा, “भारत के गणतंत्र की यही व्यवस्था है कि एक मताधिकार राष्ट्रपति को मिला है और एक ही मत का अधिकार सर्व साधारण व्यक्ति के पास भी है। आज मैंने यहाँ पर मतदान किया। हम एनडीए की वकालत करते रहे हैं। प्रथम चरण में 65% मतदान हुए हैं जिसमें 70% महिलाओं का योगदान रहा है। इस बार भी महिलाओं का योगदान वही रहेगा। हमारे 122 में से कम से कम **80 उम्मीदवार जीतेंगे**। यहाँ पर भी आधे से ज़्यादा मत एनडीए को मिला है।”
3 बजे तक 60% से अधिक मतदान
दूसरे चरण की वोटिंग में बिहार **नया रिकॉर्ड** बना सकता है। 3 बजे तक की वोटिंग में ही आँकड़ा **60 फ़ीसदी के ऊपर** चला गया है। दरअसल, सन 2000 के विधानसभा चुनाव में 62.57 फीसदी मतदान हुआ था। वहीं, 1998 के लोकसभा चुनाव में 64.6 फीसदी वोटिंग हुई थी। कुल मिलाकर देखें तो इस बिहार में सबसे अधिक वोटिंग का रिकॉर्ड 1998 के लोकसभा चुनाव का है। इस बार यह रिकॉर्ड भी ख़तरे में दिख रहा है।
बिहार में शाम 5 बजे तक 67.14 % वोटिंग
बिहार में शाम 5 बजे तक **67.14 % वोटिंग** हुई है। सबसे ज्यादा **किशनगंज** जिले में **76.26%** वोटिंग हुई। वहीं, सबसे कम **नवादा** जिले में **57.11%** वोटिंग हुई।
यह भी पढ़ें : पंजाब में अब हरियाली और बिजली का कमाल: जानें कैसे निवेशक बनेंगे हरित ऊर्जा के हीरो








