मुंबई: मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार BMW कार अनियंत्रित होकर ब्रिज से नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घायल को इलाज के लिए नायर अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है।
हादसा सुबह करीब 5:20 बजे लोटस जेटी के पास, लाला लाजपत राय कॉलेज के सामने हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक BMW मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी। इसी दौरान कथित तौर पर तेज रफ्तार के कारण चालक ने कार पर नियंत्रण खो दिया और वाहन हादसे का शिकार हो गया।
तीन लोगों की मौत
हादसे के बाद कार में सवार चारों लोगों को तत्काल नायर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक युवक को गंभीर हालत में भर्ती किया गया।
मृतकों में 21 वर्षीय शनाय गज्जल और 17 वर्षीय धैर्य सेठ की पहचान हुई है। तीसरे मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन उसकी पहचान की पुष्टि अभी नहीं हुई है। घायल युवक की उम्र करीब 20 वर्ष बताई गई है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह?
पुलिस और कोस्टल रोड कंट्रोल रूम की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, BMW तेज रफ्तार में थी और चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार ब्रिज की सीमा से टकराकर नीचे जा गिरी। हालांकि हादसे की सही वजह और दुर्घटना के समय कार की वास्तविक गति की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों, कार की गति और दुर्घटना के दौरान वाहन कौन चला रहा था, समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
कोस्टल रोड पर हुए इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। मामले में आगे की जानकारी पुलिस की जांच के बाद सामने आएगी।