इन दिनों सिनेमाघरों में बड़ी फिल्मों का जलवा बरकरार है। सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ अपनी रिलीज के बाद से लगातार बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ रही है। वहीं रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ भी दर्शकों का मनोरंजन कर रही है। आइए जानते हैं, हालिया वीकेंड पर यानी रिलीज के दसवें दिन रविवार को ‘बॉर्डर 2’ का कलेक्शन कैसा रहा और यह 300 करोड़ के आंकड़े से कितनी दूर है।
फिल्म ‘बॉर्डर 2’ को सिनेमाघरों में रिलीज हुए 10 दिन हो चुके हैं और अब यह फिल्म तेज़ी से 300 करोड़ क्लब की तरफ बढ़ती नजर आ रही है। बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के अनुसार, सनी देओल की इस एक्शन ड्रामा फिल्म ने रिलीज के दसवें दिन (रविवार) को शानदार ₹22.5 करोड़ रुपये की कमाई की है। यह कमाई न सिर्फ बेहतरीन है, बल्कि फिल्म के प्रति दर्शकों के उत्साह को दर्शाती है।
खास बात यह है कि रविवार की कमाई शनिवार के मुकाबले ज्यादा रही। शनिवार को यानी रिलीज के नौवें दिन इस फिल्म ने ₹17.75 करोड़ रुपये कमाए थे। वीकेंड पर आए इस बड़े उछाल के कारण ‘बॉर्डर 2’ का कुल कलेक्शन भी अब तक ₹275.49 करोड़ रुपये हो चुका है। फिल्म का प्रदर्शन दिखाता है कि दर्शकों में देशभक्ति फिल्मों का क्रेज अभी भी बरकरार है।
जहां ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर दहाड़ रही है, वहीं हालिया रिलीज रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ भी दर्शकों को आकर्षित कर रही है। हालांकि, ‘मर्दानी 3’ की कमाई ‘बॉर्डर 2’ के सामने थोड़ी धीमी है, लेकिन यह फिल्म भी अपने जॉनर में अच्छा प्रदर्शन कर रही है।
ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि ‘बॉर्डर 2’ की वर्तमान गति को देखते हुए, यह जल्द ही ₹300 करोड़ रुपये का जादुई आंकड़ा छू सकती है, जिससे यह साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल हो जाएगी।









