UP: सीएम योगी का अखिलेश पर निशाना, बोले- ‘मुल्ला-मौलवियों के आगे घुटने टेकने वाले मथुरा पर क्या बोलेंगे’

सीएम योगी
सीएम योगी

हाथरस दौरे में सीएम योगी आदित्यनाथ ने 548 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया और समाजवादी पार्टी व कांग्रेस पर कानून-व्यवस्था, अयोध्या और मथुरा को लेकर तीखा राजनीतिक हमला बोला।

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हाथरस दौरा राजनीतिक और विकास दोनों दृष्टि से अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने करीब 548 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों का उल्लेख करने के साथ-साथ कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी तीखे राजनीतिक हमले बोले।

हाथरस की हींग और गुड़ को मिल रही नई पहचान, विकास को मिलेगी रफ्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हाथरस के विकास को लेकर क्षेत्र के तीनों विधायकों ने सड़क, फ्लाईओवर और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े प्रस्ताव सरकार को दिए हैं। इन प्रस्तावों पर विचार करते हुए आवश्यक धनराशि स्वीकृत की जा रही है और विभिन्न परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है, उन्होंने कहा कि हाथरस मेडिकल कॉलेज से जुड़ी समस्याओं के समाधान और सिकंदराराऊ बस स्टैंड के विकास के लिए भी सरकार काम कर रही है। इन परियोजनाओं सहित जिले की अन्य विकास योजनाओं की प्रशासनिक और वित्तीय प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाथरस का औद्योगिक क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है, जिससे हाथरस के साथ-साथ कासगंज, एटा और आसपास के जिलों के हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित किया जा रहा है, जहां रोजगार के साथ युवाओं को स्किल ट्रेनिंग भी दी जाएगी।

योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास योजनाओं को लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि हाथरस की हींग और यहां का गुड़ जिले को नई पहचान दिला रहे हैं। सरकार कृषि और उद्योग दोनों क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आलू किसानों की समस्याओं के समाधान और उनकी आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है।

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी जनता को गुमराह करती रही: योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी हमेशा जनता को गुमराह करने का काम करती रही हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान दोनों दल संविधान बचाने की बात कर रहे थे, जबकि 25 जून 1975 को आपातकाल लगाकर संविधान की हत्या कांग्रेस ने ही की थी, योगी ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान का सबसे बड़ा अपमान कांग्रेस ने किया। आपातकाल के दौरान विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया गया था। उन्होंने जयप्रकाश नारायण, डॉ. मुरली मनोहर जोशी और मुलायम सिंह यादव का उल्लेख करते हुए कहा कि समाजवादी विचारधारा के नेता मुलायम सिंह यादव को भी तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने जेल भेजा था।
उन्होंने आरोप लगाया कि आज समाजवादी पार्टी कांग्रेस के सामने घुटने टेक रही है और मुलायम सिंह यादव की राजनीतिक विरासत का अपमान कर रही है। योगी ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने हमेशा सामाजिक न्याय और बाबा साहब आंबेडकर के विचारों के विपरीत काम किया।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासन में विकास सीमित था, जबकि भाजपा सरकार के लिए उत्तर प्रदेश के सभी 25 करोड़ लोगों का विकास प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत के आधार पर सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।

अखिलेश यादव पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मंदिर केवल इमारत नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “अयोध्या को रामभक्तों ने सजा और संवार दिया है। पहले पश्चाताप करिए और एक बार रामलला के दर्शन कर लीजिए, कम से कम सद्बुद्धि तो आएगी।” उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में धार्मिक स्थलों के विकास की चिंता है तो मथुरा और वृंदावन पर भी खुलकर बोलना चाहिए। अगर सचमुच धार्मिक कार्य करना चाहते हैं तो श्रीकृष्ण जन्मभूमि के सम्मान और मुक्ति अभियान पर भी स्पष्ट राय रखनी चाहिए।

योगी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के पास प्रदेश, अयोध्या और मथुरा-वृंदावन के विकास को लेकर कोई ठोस एजेंडा नहीं है। उन्होंने कहा कि सपा नेता “मुल्ला और मौलवियों के आगे घुटने टेकते हैं”, इसलिए धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के मुद्दों पर खुलकर नहीं बोलते।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या अपनी पहचान के लिए किसी राजनीतिक दल की मोहताज नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है और अब यह दुनिया भर के श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आस्था केंद्र बन चुकी है।

‘अयोध्या को धार्मिक नगरी क्या बनाएंगे, रामभक्तों पर गोली चलाने वाली सरकार आपकी थी’

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में व्यापारी, किसान और आम नागरिक असुरक्षित महसूस करते थे। जगह-जगह लूटपाट होती थी और बेटियों की सुरक्षा खतरे में रहती थी। उनकी सरकार ने अपराधियों और माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है, उन्होंने अखिलेश यादव के अयोध्या संबंधी बयान का जिक्र करते हुए कहा, “आप क्या अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाएंगे? अपना इतिहास देखिए। रामभक्तों पर गोली आपकी ही सरकार ने चलवाई थी।” योगी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान कृष्ण जन्माष्टमी जैसे आयोजन रोके गए और कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगाया गया था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार धार्मिक परंपराओं और आस्था के आयोजनों को सम्मान के साथ आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हाथरस में 22 से अधिक मंदिरों का सुंदरीकरण कराया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले जो धनराशि कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल पर खर्च होती थी, अब उसी धन से मंदिरों का विकास और सुंदरीकरण किया जा रहा है।

डबल इंजन सरकार में विकास, सुरक्षा और गरीब कल्याण साथ-साथ

मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को हर वर्ष होली और दीपावली पर दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अच्छी सरकार आने पर विकास होता है, गरीबों का कल्याण होता है, युवाओं को रोजगार मिलता है, महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कदम उठाए जाते हैं, व्यापारियों को सुरक्षा मिलती है और किसानों के हित में योजनाएं लागू होती हैं, उन्होंने कहा कि जनता के एक फैसले से यह सब संभव हुआ है। जब लोग कमल का बटन दबाकर एनडीए प्रत्याशियों को जिताते हैं तो बदले में विकास, सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाएं मिलती हैं।

युवाओं को पहचान छिपाने की जरूरत नहीं पड़ती

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश का नौजवान देश के किसी भी हिस्से में जाता है तो उसे अपनी पहचान छिपाने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश के युवाओं को अपनी पहचान बताने में संकोच होता था, क्योंकि कानून-व्यवस्था की छवि खराब थी, उन्होंने आरोप लगाया कि पहले माफिया का दबदबा था, गरीबों का शोषण होता था और सार्वजनिक जमीनों पर कब्जे किए जाते थे। उनकी सरकार ने कानून-व्यवस्था मजबूत कर विकास और सुशासन का वातावरण तैयार किया है।

किसानों के लिए बन रहे अंतरराष्ट्रीय कृषि केंद्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को बेहतर गुणवत्ता के बीज उपलब्ध कराने के लिए आगरा में इंटरनेशनल पोटैटो सेंटर की स्थापना को मंजूरी दी गई है। इसके जरिए आलू की उन्नत किस्मों के बीज किसानों को समय पर उपलब्ध कराए जाएंगे, उन्होंने बताया कि वाराणसी में इंटरनेशनल राइस रिसर्च इंस्टीट्यूट (IRRI) की स्थापना भी की गई है। इन संस्थानों के माध्यम से किसानों को बेहतर बीज मिलेंगे, जिससे लागत कम होगी और उत्पादन बढ़ेगा।

बिना भेदभाव हर पात्र व्यक्ति तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीति है कि सुरक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि न जाति, न मत, न भाषा और न ही किसी अन्य आधार पर कोई भेदभाव किया जा रहा है, योगी ने कहा कि गरीबों को मुफ्त राशन, पक्का आवास, हर घर शौचालय और उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त एलपीजी गैस कनेक्शन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि पहले गरीबों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी भटकना पड़ता था, जबकि आज पात्र परिवारों तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंच रहा है।

संबंधित खबरें

Sushant Singh Rajput Case: सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति का चौकाने वाला दावा, 2020 की रिपोर्ट में क्या था?

Asian Games 2026: यशवीर सिंह ने जीता सिल्वर, रोहित यादव को ब्रॉन्ज, जैवलिन में भारत का डबल पोडियम

भगत सिंह की 119वीं जयंती पर देशभर में श्रद्धांजलि, PM मोदी और ओम बिरला ने किया नमन

Asian Games 2026: गुलवीर सिंह ने 1500 मीटर में जीता सिल्वर, विथ्या रामराज ने तोड़ा पीटी उषा का 42 साल पुराना रिकॉर्ड

‘सोनू’ ने ‘दुपट्टा तेरा नौ रंग दा’ पर किया जबरदस्त डांस, पलक सिंधवानी का वीडियो वायरल

Recommended Stories

Sushant Singh Rajput Case: सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति का चौकाने वाला दावा, 2020 की रिपोर्ट में क्या था?

Asian Games 2026: यशवीर सिंह ने जीता सिल्वर, रोहित यादव को ब्रॉन्ज, जैवलिन में भारत का डबल पोडियम

भगत सिंह की 119वीं जयंती पर देशभर में श्रद्धांजलि, PM मोदी और ओम बिरला ने किया नमन

Asian Games 2026: गुलवीर सिंह ने 1500 मीटर में जीता सिल्वर, विथ्या रामराज ने तोड़ा पीटी उषा का 42 साल पुराना रिकॉर्ड

‘सोनू’ ने ‘दुपट्टा तेरा नौ रंग दा’ पर किया जबरदस्त डांस, पलक सिंधवानी का वीडियो वायरल