जून 2022 में शुरू की गई अग्निवीर योजना भारत की सैन्य भर्ती व्यवस्था के विकास में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित हुई। युवा, चुस्त, तकनीक के साथ सहजता से तालमेल बिठाने वाले और युद्ध के लिए तैयार रक्षा बलों के निर्माण के उद्देश्य से तैयार की गई इस पहल ने देशभक्त युवाओं और सशस्त्र बलों के बीच संबंधों के मूल स्वरूप का आधुनिकीकरण किया। जब अग्निवीरों का पहला बैच अपनी चार वर्ष की सेवा अवधि पूरी करने के करीब है, तब भारत सरकार ने गहन संस्थागत प्रतिक्रिया, कार्यात्मक मूल्यांकन और सर्वोच्च सैन्य नेतृत्व की सिफारिशों के आधार पर अब दो वर्ष के दूसरे सेवा कार्यकाल (सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी) का परिवर्तनकारी सुधार लागू किया है।
यह केवल नीति में एक मामूली बदलाव नहीं है, बल्कि यह विस्तारित ढाँचा राष्ट्रीय सुरक्षा की आवश्यकताओं और युवाओं की आकांक्षाओं के बीच एक सामंजस्यपूर्ण संतुलन स्थापित करता है। सेवा के विकल्पों का विस्तार करके, वित्तीय पैकेज में वृद्धि करके, सेवाज्येष्ठता का संरक्षण करके और नियमित कैडर में 100% समावेश के स्पष्ट मार्ग खोलकर, संशोधित अग्निवीर योजना उत्तरदायी, व्यावहारिक और युवा पीढ़ी के अनुकूल नीति निर्माण का उत्कृष्ट उदाहरण बनती है। यह योजना हमारे युवा सैनिकों के समर्पण का सम्मान करती है और साथ ही सशस्त्र बलों को सक्षम, बेहतर प्रशिक्षित और अत्यधिक प्रेरित मानव संसाधन उपलब्ध कराती है।
संशोधित अग्निवीर संरचना का स्वरूप
2022 के मूल ढाँचे के अनुसार, भर्ती किए गए उम्मीदवारों को चार वर्ष की सेवा के लिए लिया जाता था और इसके बाद योग्य अग्निवीरों में से 25% को नियमित कैडर में शामिल करने के लिए चुना जाना था। अग्निवीरों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन, उच्च मनोबल और तकनीक के साथ तालमेल बिठाने की क्षमता को रेखांकित करने वाले चार वर्षों के गहन मूल्यांकन के बाद सैन्य नेतृत्व ने सिफारिश की कि प्रशिक्षित जवानों को उसी समय सेवा में बनाए रखा जाना चाहिए, जब वे अपनी कार्यक्षमता के सर्वोच्च स्तर पर पहुँच रहे हों।
हालाँकि, 75% अग्निवीरों के सेवामुक्त होने के कुछ सप्ताह पहले ही सरकार ने तत्परता से इस अवधारणा को वास्तविक रूप देते हुए उन्हें दो वर्ष का सेवा विस्तार प्रदान किया। संशोधित व्यवस्था एक निर्बाध, सुव्यवस्थित और दो-स्तरीय प्रगति का मार्ग तैयार करती है।
चार वर्ष की मूल सेवा पहले की तरह निर्बाध रूप से जारी रहेगी। इस अवधि के पूरा होने के बाद, सबसे अधिक इच्छुक और योग्य 25% अग्निवीरों को सीधे भारतीय सशस्त्र बलों के नियमित कैडर में शामिल किया जाएगा। सेवा जारी रखने के इच्छुक शेष 75% अग्निवीरों के लिए दो वर्ष की सेवा का नया विकल्प उपलब्ध कराया गया है। इस दूसरे सेवा कार्यकाल को पूरा करने के बाद, वस्तुनिष्ठ चयन मानदंडों को पूरा करने वाले सभी इच्छुक अग्निवीरों को नियमित कैडर में भर्ती का प्रस्ताव दिया जाएगा।
इस प्रकार, इस संरचनात्मक सुधार से प्रशिक्षित सैन्य प्रतिभा का बिल्कुल भी अपव्यय नहीं होगा और प्रत्येक समर्पित अग्निवीर को दीर्घकालिक नियमित सैन्य सेवा की ओर बढ़ने का एक पूर्ण और व्यावहारिक मार्ग उपलब्ध होगा। अनुभवी सैनिकों को समय से पहले सेवामुक्त करके उनके कौशल को व्यर्थ करने की कार्यात्मक समस्या भी इससे दूर होती है।
व्यापक लाभ और वित्तीय सुरक्षा
संशोधित योजना युवा जवानों को वित्तीय, करियर संबंधी और व्यक्तिगत लाभ भी प्रदान करती है, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि उनकी समर्पित सेवा का उन्हें उचित और बेहतर प्रतिफल मिले। दूसरे सेवा कार्यकाल के दौरान अग्निवीरों को बढ़ा हुआ निश्चित मासिक वेतन पैकेज और लागू भत्ते प्राप्त होंगे। सेवा विस्तार के पहले वर्ष में उन्हें प्रतिमाह ₹43,500 और दूसरे वर्ष में प्रतिमाह ₹47,500 का वेतन मिलेगा।
इसके अतिरिक्त, दूसरे सेवा कार्यकाल के दौरान सेवा निधि कोष में सरकार का योगदान बढ़ाकर मासिक वेतन पैकेज का 70% कर दिया गया है। छह वर्ष बाद नागरिक जीवन में लौटने का विकल्प चुनने वालों को, अर्जित ब्याज को छोड़कर, ₹10.92 लाख का आयकर-मुक्त सेवा निधि पैकेज मिलेगा। शुरुआती चार वर्षों की बचत सहित, सेवा पूरी करके बाहर निकलने वाले अग्निवीरों के पास उच्च शिक्षा प्राप्त करने, अपना उद्यम-व्यवसाय शुरू करने और परिवार का आर्थिक भविष्य सुरक्षित करने के लिए पर्याप्त पूँजी उपलब्ध होगी।
अभियान के दौरान / कर्तव्य निभाते समय मृत्यु होने पर वित्तीय और मुआवजा पैकेज
अभियान के दौरान कर्तव्य निभाते हुए या युद्ध में मृत्यु होने पर अग्निवीर के परिवार / निकटतम परिजनों को निम्नलिखित एकमुश्त मुआवजा पैकेज प्राप्त होता है: –
- गैर-अंशदायी जीवन बीमा – ₹48 लाख
- अनुग्रह अनुदान – ₹44 लाख
- सेवा की शेष अवधि का वेतन – चार वर्ष के कार्यकाल की शेष अवधि का पूरा वेतन, अपेक्षित सेवा निधि योगदान सहित।
- अतिरिक्त अनुदान – सशस्त्र बल युद्ध हताहत कोष (आर्म्ड फोर्सेस बैटल कैजुअल्टी फंड) जैसे स्रोतों से लगभग ₹8 लाख और कल्याणकारी संगठनों से मिलने वाला अनुदान जैसी पर्याप्त सहायता।
सेवाज्येष्ठता का पूर्ण संरक्षण
नियमित कैडर में शामिल होने से पहले अतिरिक्त दो वर्ष की सेवा करने से उनके करियर में स्थान पर कोई प्रभाव पड़ेगा या नहीं, यह युवा अग्निवीरों की एक प्रमुख चिंता थी। यह नीति सभी जवानों की सेवाज्येष्ठता का स्पष्ट रूप से संरक्षण करती है। दूसरे सेवा कार्यकाल के बाद नियमित कैडर में शामिल होने वाले अग्निवीरों को चार वर्ष बाद नियमित सेवा में शामिल हुए उनके बैच के साथियों के ठीक बाद स्थान दिया जाएगा। इससे वे आगे की किसी भी भर्ती के बैच से कभी कनिष्ठ नहीं होंगे और उनका करियर मार्ग, पदोन्नति के अवसर तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठा सुरक्षित रहेंगे।
देशव्यापी विस्तार
अग्निवीर पहल के कारण भर्ती का दायरा देश के प्रत्येक जिले तक पहुँच गया है, जिससे वास्तव में लोकतांत्रिक, पारदर्शी और मानकीकृत चयन प्रणाली का निर्माण हुआ है। विशेष रूप से, इस योजना ने सशस्त्र बलों की विभिन्न शाखाओं को महिला अग्निवीरों के लिए खोलकर ऐतिहासिक बाधाओं को दूर किया है और हजारों युवा महिलाओं को गर्व के साथ वर्दी पहनने का अवसर प्रदान किया है।
सुनने और कार्रवाई करने वाली सरकार
वास्तविक कार्यान्वयन के अनुभवों के आधार पर नीतियों की समीक्षा करना, उनमें सुधार करना और उन्हें अधिक प्रभावी बनाना, सुशासन की वास्तविक पहचान है। अग्निवीर योजना का विस्तार साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
जब कार्यरत कमांडरों और सैन्य संस्थानों ने यह जानकारी दी कि प्रशिक्षित सैनिकों को छह वर्ष तक सेवा में बनाए रखने से युद्ध की तैयारी और रेजिमेंट की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है, तब प्रशासन ने उनकी बात सुनी और उसके अनुरूप निर्णय लिया। यही व्यावहारिक दृष्टिकोण राष्ट्र निर्माण के अन्य क्षेत्रों में भी परिवर्तनकारी साबित हुआ है। उदाहरण के लिए, चार वर्षों के परामर्श के माध्यम से 29 जटिल और पुराने श्रम कानूनों को चार आधुनिक संहिताओं में समाहित करना; 400 से अधिक वस्तुओं पर कर दरों में लगातार सुधार करके सरल GST 2.0 संरचना और अपराधमुक्तिकरण (डिक्रिमिनलाइजेशन) संबंधी सुधार करना; और
घरेलू सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) के संरक्षण के लिए 2019 में RCEP से दृढ़तापूर्वक पीछे हटकर लक्षित द्विपक्षीय मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) पर ध्यान केंद्रित करना।
चार वर्षों के अनुभव से प्राप्त प्रतिक्रिया के आधार पर अग्निवीर व्यवस्था में सुधारों को प्राथमिकता देकर देश के नेतृत्व ने यह सिद्ध किया है कि सशस्त्र बलों और भारत के युवाओं के प्रति अटूट प्रतिबद्धता रखते हुए कार्यात्मक आवश्यकता ही सर्वोच्च प्राथमिकता है। उल्लेखनीय बात यह है कि जब सरकार ने शुरुआत में अग्निवीर योजना लागू की थी, तब सशस्त्र बलों के भीतर भी कई लोग इस बात को लेकर आशंकित थे कि इतने कम समय में प्रशिक्षण का कितना स्तर हासिल किया जा सकेगा। इसलिए सरकार ने उचित निर्णय लेते हुए कुल बैच में से केवल सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षित और योग्य पाए गए 25% जवानों को ही स्वीकार करने का निर्णय लिया।
हालाँकि, इस व्यवस्था के चार वर्षों के अनुभव के बाद सशस्त्र बलों के उसी वरिष्ठ नेतृत्व ने अधिक संख्या में जवानों को सेवा में बनाए रखने की इच्छा व्यक्त की। शेष 75% अग्निवीरों को अतिरिक्त दो वर्ष की वैकल्पिक सेवा अवधि प्रदान करके, व्यक्तिगत क्षमताओं को विकसित करने के लिए अतिरिक्त समय उपलब्ध कराना और दीर्घकालिक सेवा जारी रखने का पूर्ण विकल्प देना, इसका श्रेय वर्तमान सरकार की दूरदर्शिता और नवाचारपूर्ण दृष्टिकोण को जाता है। इससे एक संस्था के रूप में सशस्त्र बलों की संपूर्ण आवश्यकता पूरी होने के साथ-साथ प्रत्येक अग्निवीर को सेवा जारी रखने या करियर के अन्य विकल्प चुनने की पूर्ण स्वतंत्रता मिलती है।
हमारे युवा अग्निवीरों के लिए प्रेरणादायक संदेश
वर्दी पहनने वाले बहादुर युवा पुरुषों और महिलाओं को एक स्पष्ट संदेश जाता है कि – “आप आधुनिक और सशक्त भारत के अग्रदूत हैं। आपका उत्साह, तकनीकी दक्षता, अतुलनीय अनुशासन और उच्च कार्यात्मक मनोबल आपको पहले ही देश का सर्वोच्च सम्मान दिला चुका है। संशोधित अग्निवीर ढाँचा आपकी क्षमताओं पर व्यक्त किया गया प्रत्यक्ष विश्वास है। यह ढाँचा सुनिश्चित करता है कि आपकी कड़ी मेहनत, त्याग और प्रतिबद्धता को अतुलनीय समर्थन, करियर के स्पष्ट मार्ग और वित्तीय सुरक्षा प्राप्त होगी।”
उनकी यात्रा नियमित कैडर में आजीवन सेवा की ओर हो या नागरिक क्षेत्र में नेतृत्वकारी भूमिकाओं की ओर, अग्निवीर के रूप में बिताया गया समय उन्हें विश्वस्तरीय कौशल, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा के प्रति अटूट मूल्यों से परिपूर्ण करता है। अग्निवीर योजना केवल करियर का निर्माण नहीं करती, बल्कि यह भारत की सुरक्षा और भविष्य का भी निर्माण कर रही है।
नेपाली गोरखाओं की भर्ती
गोरखा सैनिक दो शताब्दियों से भी अधिक समय से भारतीय सेना में सेवा दे रहे हैं। 1815 से 1947 तक उन्होंने ब्रिटिश भारतीय सेना में सेवा की। स्वतंत्रता के बाद, काठमांडू के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने के लिए भारत ने नेपाली सैनिकों को सेवा में बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की। उनके शौर्य और बलिदान की एक गौरवशाली गाथा रही है।
हालाँकि, पिछले चार वर्षों में नेपाल से एक भी गोरखा सैनिक की भारतीय सेना में भर्ती नहीं हुई है, क्योंकि जून 2022 में शुरू की गई अग्निवीर योजना में केवल चार वर्ष की सेवा का प्रस्ताव दिया गया था। इसके बाद इन प्रशिक्षित नेपाली सैनिकों का भविष्य क्या होगा, यह एक बड़ा प्रश्न था, इसलिए यह व्यवस्था तर्कसंगत नहीं थी। इससे सरकार के सामने सुरक्षा की बड़ी चुनौती उत्पन्न हो सकती है। अब आशा है कि नेपाल सरकार इस बदलाव को एक अवसर के रूप में स्वीकार करके भर्ती प्रक्रिया फिर से शुरू करेगी। इसके लिए भारत सरकार को नेपाल सरकार के साथ सक्रिय रूप से संवाद करके व्यवस्था में किए गए इन क्रांतिकारी बदलावों की जानकारी देनी चाहिए; ये बदलाव पूर्ववर्ती भर्ती व्यवस्था की तरह ही दीर्घकालिक रोजगार की स्पष्ट गारंटी देते हैं।
सभी के लिए लाभकारी स्थिति
विस्तारित अग्निवीर योजना ने दो अत्यंत आवश्यक उद्देश्यों के बीच सफलतापूर्वक संतुलन स्थापित किया है। पहला, अपने सैनिकों की करियर संबंधी अपेक्षाओं और कल्याण का सम्मान करते हुए युवा, आधुनिक और किफायती सेना को बनाए रखना; और दूसरा, स्पष्ट चयन मार्ग, वित्तीय सहायता, संरक्षित सेवाज्येष्ठता और सेवा के विस्तारित अवसरों के कारण यह नीति रक्षा आधुनिकीकरण में एक मानक बन गई है।
‘विकसित भारत 2047’ के भविष्य की ओर भारत आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। देश की सीमाओं की रक्षा अब अधिक युवा, अधिक फिट, तकनीकी रूप से सक्षम और देशवासियों का दिल से सम्मान प्राप्त करने वाले सैनिक कर रहे हैं। हमारे युवा अग्निवीरों के लिए संदेश स्पष्ट है – यह जानते हुए कि कृतज्ञ राष्ट्र आपके साथ मजबूती से खड़ा है, गर्व के साथ और सिर ऊँचा करके आगे बढ़ें।


