Loading...
  • ... अपडेट हो रहा है
  • ... अपडेट हो रहा है
  • ... अपडेट हो रहा है
24K Gold
Loading...
Silver (1kg)
Loading...
24K Gold
Loading...
ताज़ा ख़बरें
Loading updates...

फतेहपुर में दबंगों का कहर: भूतपूर्व सैनिक का पुश्तैनी मकान जेसीबी से गिराया, 5 लाख का सामान भी ले गए

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से दबंगई का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रेवाड़ी खुर्द गांव में कुछ दबंगों ने एक भूतपूर्व सैनिक के परिवार का पुश्तैनी मकान जेसीबी मशीन से ढहा दिया। इस घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है और पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है।

पीड़िता शशि देवी ने पूर्व सैनिक संगठन के साथ जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि 25 फरवरी को गांव के ही कुछ लोगों ने मिलकर उनके दो मंजिला मकान को जेसीबी से गिरा दिया। इतना ही नहीं, घर में रखा करीब 5 लाख रुपये का कीमती सामान भी ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर अपने साथ ले गए।

शशि देवी के अनुसार यह मकान उनके परिवार की कई पीढ़ियों से जुड़ा हुआ था। इसी मकान में करीब 50 वर्षों से सरकारी राशन की दुकान भी संचालित की जा रही थी, जिससे परिवार की आजीविका चलती थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार पूरी तरह से सदमे में है।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोगों में भी भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी को वहीं रुकवा दिया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।

पीड़िता का कहना है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस, अधिकारियों और जिला प्रशासन से की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उनका यह भी आरोप है कि दबंग लगातार उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं तथा झूठे मुकदमों में फंसाने की बात कह रहे हैं।

पीड़ित परिवार ने प्रशासन से जल्द न्याय दिलाने की मांग की है। शशि देवी ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो वह अपने बच्चों के साथ आमरण अनशन करने के लिए मजबूर होंगी।