फतेहपुर जिले के Bindki कोतवाली क्षेत्र में लापता किशोरी के मामले को लेकर गुलाबी गैंग की महिलाओं ने कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं ने आरोप लगाया कि पिछले दो महीने से किशोरी लापता है, लेकिन अब तक पुलिस उसे बरामद नहीं कर सकी है। परिजन लगातार दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।
जानकारी के मुताबिक किशोरी घर से कोचिंग पढ़ने के लिए निकली थी, जिसके बाद से वह वापस नहीं लौटी। मामले में गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
गुलाबी गैंग की महिलाओं ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मामले में नामजद आरोपियों पर भी सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और किशोरी की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।









