गोरखपुर में झंगहा थाना क्षेत्र के गोहटा ताल के सामने गोर्रा नदी के पास शनिवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
सुबह टहलने निकले लोगों ने जामुन के पेड़ की डाल से शव लटकता देखा तो तुरंत शोर मचाते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू कर दी।
पहचान में जुटी पुलिस
प्राथमिक जांच में युवक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन उसके पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिला है। पुलिस आसपास के थानों को सूचना देकर युवक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
सोशल मीडिया का सहारा
थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि युवक की पहचान के लिए उसकी फोटो सोशल मीडिया पर भी साझा की गई है, ताकि जल्द से जल्द उसकी पहचान हो सके।
हर पहलू पर जांच होगी
पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।









