बनासकांठा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (30 अक्टूबर 2026) को अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे पर पहुंचे. दौरे की शुरुआत बनासकांठा में रोड शो के साथ हुई. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए सड़कों पर नजर आए. कई लोगों ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’ के नारे लगाए. रोड शो के दौरान बनास डेयरी से जुड़ी महिलाओं के हाथों में भी ऐसे पोस्टर दिखाई दिए. इन पोस्टरों पर लिखा था, ‘जब तक भ्रष्टाचार को जड़ से न उखाड़ दे, मोदी कहीं नहीं जाएगा.’ रोड शो में लोगों की भागीदारी और पोस्टरों पर लिखे संदेश चर्चा का विषय बने.
PM मोदी ने IVF लैब और BBBRC का किया दौरा
रोड शो के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने बनासकांठा में एम्ब्रियो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी-इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (ET-IVF) लैब और भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (BBBRC) पशु फार्म का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने महिलाओं से बातचीत भी की, कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद रहे.
किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी
प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी की. इसके साथ ही उन्होंने गुजरात में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया. पीएम मोदी ने दो ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई. इनमें अहमदाबाद (साबरमती)-वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती मेमू ट्रेन शामिल हैं.
‘किसान विकसित भारत के मजबूत स्तंभ’
कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री ने विशाल जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि आज मातृशक्ति, बच्चों, किसानों और पशुपालकों के लिए कई परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया है. साथ ही देश के करोड़ों छोटे किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि की नई किस्त भी भेजी गई है. प्रधानमंत्री ने किसानों को विकसित भारत का मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि उनकी सरकार ने हमेशा किसानों के कल्याण और उन्हें सशक्त बनाने को प्राथमिकता दी है. उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2013-14 की तुलना में देश का कृषि बजट पांच गुना से अधिक हो गया है. पीएम मोदी के मुताबिक, इस किस्त के तहत करीब 10 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 18,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी गई है. उन्होंने बताया कि गुजरात के 50 लाख से ज्यादा किसानों को इसका लाभ मिला है, जबकि बनासकांठा के किसानों के खातों में करीब 50 करोड़ रुपये पहुंचे हैं.


