नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार, 1 नवंबर को विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक की महारैली आयोजित की जा रही है. ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ नाम से होने वाली इस रैली को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, कार्यक्रम के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. वहीं, रैली शुरू होने से पहले ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए इसे ‘ठगों का मेला’ करार दिया है.
BJP ने X पर पोस्ट कर विपक्ष पर साधा निशाना
विपक्ष की महारैली को लेकर बीजेपी दिल्ली के आधिकारिक X अकाउंट से एक पोस्ट किया गया. इसमें लिखा गया, “आज दिल्ली के रामलीला मैदान में फिर से लगने वाला है- ‘ठगों का मेला’.” बीजेपी ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए देश-विरोधी ताकतों के इशारे पर देश में अफवाह और अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं.
रामलीला मैदान में बनाए गए दो बड़े मंच, 40-45 हजार कुर्सियों का इंतजाम
INDIA ब्लॉक की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली की तैयारियां शनिवार देर रात तक जारी रहीं. रामलीला मैदान में विशाल तिरंगे के साथ दो बड़े मंच और पंडाल तैयार किए गए हैं. रैली में आने वाले लोगों के बैठने के लिए करीब 40 से 45 हजार कुर्सियों की व्यवस्था की गई है. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मैदान में बैरिकेडिंग भी की गई है. आयोजन का निर्धारित समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रखा गया है, जबकि मुख्य कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच होने की जानकारी दी गई है.
राहुल गांधी, खड़गे और प्रियंका गांधी समेत कई नेता होंगे शामिल
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव के मुताबिक, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत INDIA ब्लॉक के घटक दलों के वरिष्ठ नेता रैली में शामिल होंगे. उन्होंने बताया कि विपक्ष के प्रमुख नेता दोपहर करीब 12:30 से 1 बजे के बीच एक साथ मंच पर पहुंचेंगे और सभा को संबोधित करेंगे. रैली में गठबंधन के अलग-अलग दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के जुटने की उम्मीद है.
अलग-अलग दलों के लिए तैयार किए गए मंच और पंडाल
रामलीला मैदान में मुख्य मंच विपक्ष के शीर्ष नेताओं के लिए बनाया गया है. वहीं, गठबंधन के विभिन्न घटक दलों की प्रदेश इकाइयों के लिए अलग मंच तैयार किया गया है। मैदान के आसपास सफेद छतरियों वाले टेंट भी लगाए गए हैं. शनिवार देर रात तक मिनी ट्रकों के जरिए कुर्सियां और अन्य जरूरी सामान मैदान में पहुंचाया जाता रहा. इसके अलावा बारिश के कारण जमा हुए पानी को निकालने का काम भी जारी था.
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर पुलिस की नजर
महारैली में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है. मैदान में बैरिकेडिंग और प्रवेश-निकास की व्यवस्था के जरिए भीड़ को नियंत्रित करने की तैयारी की गई है. विपक्ष की यह रैली ऐसे समय हो रही है, जब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर INDIA ब्लॉक लगातार सवाल उठा रहा है. ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली के जरिए विपक्ष चुनाव आयोग की भूमिका और मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाने की तैयारी में है.


