ऑकलैंड: न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम को 87 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा. पहले गेंदबाजी में भारतीय खिलाड़ी बड़ा स्कोर रोकने में नाकाम रहे और फिर लक्ष्य का पीछा करते हुए बल्लेबाजी भी बिखर गई. ग्लेन फिलिप्स के तूफानी शतक और जैकब डफी की घातक गेंदबाजी के दम पर न्यूजीलैंड ने मुकाबला अपने नाम कर लिया. ऑकलैंड में खेले गए इस मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 259 रन बनाए, जवाब में भारतीय टीम 9 विकेट पर 172 रन ही बना सकी. इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने घरेलू मैदान पर भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सात साल बाद जीत दर्ज की.
फिलिप्स और ब्रेसवेल ने गेंदबाजों की उड़ाई धज्जियां
चौथे टी20 में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन भारतीय गेंदबाज न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को रोकने में नाकाम रहे. ग्लेन फिलिप्स ने महज 49 गेंदों में 107 रन की विस्फोटक पारी खेली. वहीं माइकल ब्रेसवेल ने 25 गेंदों पर 65 रन बनाकर भारतीय गेंदबाजी पर दबाव बढ़ा दिया. दोनों की शानदार बल्लेबाजी के दम पर न्यूजीलैंड ने 259/7 का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो उसके टी20 इंटरनेशनल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बताया गया है.
जैकब डफी ने भारतीय बल्लेबाजी को किया तहस-नहस
260 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. संजू सैमसन दो गेंदों में चार रन बनाकर आउट हो गए, जबकि ईशान किशन अपना खाता भी नहीं खोल सके. जैकब डफी ने ईशान को शून्य पर पवेलियन भेजा. महज चार रन के स्कोर पर दो विकेट गिरने के बाद अभिषेक शर्मा और कप्तान श्रेयस अय्यर से उम्मीदें थीं. दोनों ने कुछ अच्छे शॉट लगाए, लेकिन बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे. अभिषेक शर्मा ने 15 गेंदों में 27 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल था. वहीं श्रेयस अय्यर 11 गेंदों में चार चौकों की मदद से 22 रन बनाकर आउट हुए. पावरप्ले में ही भारत ने चार अहम विकेट गंवा दिए और टीम दबाव में आ गई.
नितीश रेड्डी और नमन धीर ने की संघर्ष की कोशिश
इसके बाद अक्षर पटेल को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजा गया, लेकिन वह नौ गेंदों में सिर्फ सात रन बना सके. नितीश कुमार रेड्डी ने 10 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 21 रन बनाए. आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए नमन धीर ने भी कुछ बड़े शॉट लगाए. उन्होंने 13 गेंदों में दो चौके और दो छक्के लगाते हुए 28 रन की पारी खेली.
तिलक वर्मा और प्रिंस यादव भी नहीं दिला सके जीत
तिलक वर्मा ने एक छोर संभालने की कोशिश की और 35 गेंदों में 35 रन बनाकर नाबाद रहे. हालांकि, उनकी धीमी पारी से लक्ष्य तक पहुंचना संभव नहीं हो सका. प्रिंस यादव ने 17 गेंदों में नाबाद 18 रन बनाए. भारतीय टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 172 रन ही बना सकी। इस तरह न्यूजीलैंड ने 87 रन से मुकाबला जीत लिया. ग्लेन फिलिप्स की शतकीय पारी और जैकब डफी के चार विकेट इस जीत के सबसे बड़े आधार रहे.


