शनिवार देर रात ईरान ने इस्राइल के दो शहरों को निशाना बनाते हुए बड़ा मिसाइल हमला किया। दक्षिणी इस्राइल के डिमोना शहर में हुए हमले में कम से कम 47 लोग घायल हो गए, जबकि अराद में 50 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है।
नेतन्याहू का बयान और राहत अभियान तेज
हमलों के बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने आपात राहत और बचाव बलों को और मजबूत करने की बात कही। इस्राइली मीडिया के अनुसार अराद में घायल हुए लोगों में से छह की हालत गंभीर बनी हुई है। नेतन्याहू ने इसे देश के भविष्य की लड़ाई में एक कठिन समय बताया और दुश्मनों के खिलाफ हर मोर्चे पर कार्रवाई जारी रखने का संकल्प दोहराया।
पहली बार परमाणु संयंत्र बना निशाना
ईरान ने इस बार पहली बार इस्राइल के परमाणु संयंत्र को निशाना बनाया है। यह हमला ईरान के नतांज परमाणु ठिकाने पर हुए हमले के कुछ घंटों बाद हुआ। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष अब चौथे हफ्ते में प्रवेश करते हुए और अधिक खतरनाक दिशा में बढ़ता दिख रहा है।
डिमोना में दहशत, बच्चे और महिलाएं भी घायल
डिमोना, जिसे ‘लिटिल इंडिया’ के नाम से भी जाना जाता है, वहां इस हमले के बाद लोगों में डर और चिंता का माहौल है। बचाव सेवाओं के मुताबिक घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अराद में इंटरसेप्शन फेल, जांच शुरू
अराद में एक मिसाइल सामुदायिक भवन पर गिरी, जिससे आसपास के पुराने घरों को नुकसान पहुंचा। स्थानीय लोगों के अनुसार अधिकांश लोग शेल्टर में होने के कारण बड़ा नुकसान टल गया। इस्राइली वायु सेना ने इस हमले को रोकने में हुई विफलता की जांच शुरू कर दी है, क्योंकि दो इंटरसेप्शन प्रयास असफल रहे।









