ISRO मुख्यालय को बम की धमकी मिलने के बाद बेंगलुरु में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया, हालांकि घंटों की तलाशी में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और साइबर सेल ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुटी है।
भारत के अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद गुरुवार को बेंगलुरु में हड़कंप मच गया. एक धमकी भरे ईमेल के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल पूरे परिसर को खाली करा लिया और बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया, धमकी भरा ईमेल मिलते ही ISRO अधिकारियों ने इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू करते हुए सभी कर्मचारियों और वैज्ञानिकों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद बेंगलुरु पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDS) और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की।
घंटों चली तलाशी, अब तक कुछ संदिग्ध नहीं मिला
सुरक्षा एजेंसियों ने ISRO मुख्यालय के हर हिस्से की गहन जांच की। घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है. हालांकि, एहतियात के तौर पर जांच जारी है और परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.पुलिस की साइबर टीम धमकी भरे ईमेल की जांच कर रही है। ईमेल किस आईपी एड्रेस से भेजा गया, इसके पीछे कौन है और उसका मकसद क्या था, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर की जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियों ने खतरे को गंभीरता से लिया
चंद्रयान, गगनयान और अन्य महत्वपूर्ण अंतरिक्ष मिशनों के कारण ISRO देश का बेहद संवेदनशील संस्थान माना जाता है, ऐसे में बम की धमकी को सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी गंभीरता से लिया है, जांच में यह भी देखा जा रहा है कि मामला किसी शरारती तत्व की हरकत है या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा, ISRO ने कहा है कि सभी कर्मचारी पूरी तरह सुरक्षित हैं और स्थिति सामान्य होने के बाद नियमित कामकाज फिर से शुरू किया जाएगा। पुलिस ने भी लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।


