उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित वृंदावन के केलीकुंज आश्रम को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. अब कथावाचक देवी इंदुलेखा ने आरोप लगाया है कि आश्रम में उनके साथ कथित तौर पर मारपीट और खींचतान की गई. उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी दी गई. देवी इंदुलेखा ने आश्रम के कुछ सेवादारों और अज्ञात लोगों से अपनी जान को खतरा बताया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. दरअसल, बीते दिनों हाथरस निवासी अनुज चौधरी के परिजनों ने केलीकुंज आश्रम के बाहर धरना दिया था. इसके बाद पुलिस ने अनुज चौधरी को बरामद कर हाथरस पुलिस के हवाले कर दिया. हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर केलीकुंज आश्रम की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि प्रेमानंद महाराज के एक शिष्य की मौत के बाद कुछ परिवार अपने लापता बच्चों की तलाश में केलीकुंज आश्रम पहुंच रहे हैं. इसी सिलसिले में देवी इंदुलेखा कथित तौर पर पीड़ित परिवारों से मिलने आश्रम पहुंची थीं. इसी दौरान उनके साथ कथित खींचतान का वीडियो सामने आया.
देवी इंदुलेखा ने क्या आरोप लगाए?
देवी इंदुलेखा का आरोप है कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने उनका हाथ पकड़कर उन्हें खींचा और वहां से हटाने की कोशिश की. उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें धमकी दी गई और लॉरेंस बिश्नोई का नाम लिया गया. वहीं, मौके पर कवरेज कर रहे कुछ पत्रकारों के साथ भी आश्रम के सेवादारों द्वारा कथित तौर पर अभद्रता किए जाने की बात सामने आई है. घटना के बाद केलीकुंज आश्रम की गतिविधियों और वहां की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं.