Madhya Pradesh Rape Case : रायसेन में 6 साल की बच्ची से हुए दुष्कर्म मामले ने पूरे देश को हिला दिया है। लोग सड़कों पर उतर आए हैं और जल्द से जल्द न्याय की मांग की है। घटना के 6 दिन बाद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है, जिस कारण गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया। 6 साल की मासूम बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी, बताया जाता है कि आरोपी बच्ची को चॉकलेट के बहाने अपने साथ ले गया।
लोगों ने किया धरना-प्रदर्शन
हिंदू समाज ने गौहरगंज में विशाल धरना-प्रदर्शन कर न्याय की मांग की। महिलाओं ने आरोपी को फांसी की सजा के साथ न्याय की मांग की। वहीं व्यापारियों ने भी बाजार बंद रखे और रैलियां निकालीं। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने निर्देश जारी किया कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए और सभी कानूनी प्रक्रियाएं फौरन पूरी की जाएं। रिपोर्ट की कॉपी डीजीपी (DGP) भोपाल को भेजी जाए। बता दें कि बच्ची का एम्स भोपाल में ऑपरेशन हुआ है और हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद लोगों में आक्रोश
आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर प्रदर्शन जोर पकड़ रहा है। अचानक भीड़ बेकाबू हो गई और मस्जिद के सामने पथराव कर दिया। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने भीड़ को शांत किया। नर्मदापुरम के आईजी और डीआईजी ने इलाके का दौरा किया है। पुलिस ने बताया की आरोपी सलमान गांव में मजदूरी करता था। मासूम से दरिंदगी के बाद से वह फरार है। लगातार छापेमारी की जा रही हैं। अधिकारियों ने कहा की जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना से रायसेन जिले में आक्रोश का माहौल है।








