नई दिल्ली: मेडिकल पीजी पाठ्यक्रमों में दाखिले का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने NEET-PG 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। उम्मीदवार अपना रिजल्ट और मेरिट रैंक NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।
NEET-PG 2026 परीक्षा का आयोजन 30 अगस्त 2026 को किया गया था। परीक्षा के दौरान जयपुर के सीतापुरा स्थित एक परीक्षा केंद्र पर तकनीकी समस्या से प्रभावित उम्मीदवारों के लिए 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई थी।
कितने अंक पर हुआ क्वालिफाई?
NBEMS ने कैटेगरी के अनुसार न्यूनतम क्वालिफाइंग पर्सेंटाइल और कटऑफ स्कोर भी जारी किया है।
- General और EWS: 50वां पर्सेंटाइल, 262 अंक
- General-PwBD: 45वां पर्सेंटाइल, 244 अंक
- SC/ST/OBC और PwBD: 40वां पर्सेंटाइल, 226 अंक
ये कटऑफ 720 अंकों के पेपर के आधार पर हैं।
1 अक्टूबर से डाउनलोड होगा व्यक्तिगत स्कोरकार्ड
उम्मीदवार अपना व्यक्तिगत NEET-PG 2026 स्कोरकार्ड 1 अक्टूबर 2026 से NBEMS की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे। स्कोरकार्ड वेबसाइट पर जारी होने की तारीख से छह महीने तक उपलब्ध रहेगा। इसके बाद ईमेल या डाक के माध्यम से स्कोरकार्ड भेजने का अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उम्मीदवार 1 अक्टूबर से अपने एप्लीकेशन लॉगिन के जरिए क्वेश्चन आईडी, सही उत्तर आईडी और अपने रिकॉर्ड किए गए रिस्पॉन्स भी देख सकेंगे।
ऐसे चेक करें NEET PG 2026 रिजल्ट
उम्मीदवार इन आसान स्टेप्स के जरिए अपना रिजल्ट देख सकते हैं:
- NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट https://nbe.edu.in/ पर जाएं।
- NEET-PG 2026 के रिजल्ट लिंक पर क्लिक करें।
- मांगी गई लॉगिन डिटेल दर्ज करें।
- सबमिट करने के बाद रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा।
- रिजल्ट डाउनलोड करके भविष्य के लिए उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
NBEMS की वेबसाइट पर NEET-PG 2026 के लिए रिजल्ट सेक्शन उपलब्ध है।
परीक्षा में 2.65 लाख से ज्यादा उम्मीदवार हुए थे शामिल
NEET-PG 2026 के लिए देशभर में बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने परीक्षा दी। सरकारी जानकारी के अनुसार परीक्षा के लिए 2.73 लाख से अधिक उम्मीदवार निर्धारित थे और 2.65 लाख से अधिक उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा के बाद NBEMS ने प्रश्नपत्रों के दोनों सेट के सवालों की विशेषज्ञों से दोबारा समीक्षा कराई। बोर्ड के मुताबिक समीक्षा के दौरान प्रश्नों या उत्तर कुंजी में कोई तकनीकी खामी नहीं मिली।
राज्य कोटा की मेरिट लिस्ट अलग से होगी जारी
NEET-PG में ऑल इंडिया रैंक के अलावा राज्य कोटा के लिए संबंधित राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपनी अलग मेरिट लिस्ट जारी करेंगे। इसमें संबंधित राज्य की पात्रता और आरक्षण नियम लागू होंगे। इसके बाद दाखिले की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। उम्मीदवारों को सलाह है कि वे काउंसलिंग से जुड़ी तारीखों और निर्देशों के लिए संबंधित आधिकारिक वेबसाइटों पर नजर बनाए रखें।