बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज हारने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने अंपायरिंग को लेकर सवाल उठाए हैं। ढाका में खेले गए तीसरे वनडे में 11 रनों से मिली हार के बाद पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के सामने औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
तीन मैचों की इस वनडे सीरीज में बांग्लादेश ने पहला मुकाबला एकतरफा अंदाज में जीतकर बढ़त बनाई थी। इसके बाद पाकिस्तान ने दूसरा मैच जीतकर सीरीज में वापसी की, लेकिन निर्णायक तीसरे मुकाबले में बांग्लादेश ने जीत दर्ज कर सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।
पाकिस्तान टीम की शिकायत तीसरे वनडे के एक अहम फैसले को लेकर है। रिपोर्ट्स के अनुसार टीम मैनेजमेंट का आरोप है कि बांग्लादेश ने निर्धारित 15 सेकंड की समय सीमा खत्म होने के बाद DRS रिव्यू लिया, जो नियमों के खिलाफ माना जाता है। क्रिकेट वेबसाइट क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान का कहना है कि स्टेडियम की बड़ी स्क्रीन पर गेंद का रिप्ले दिखने के बाद बांग्लादेश ने रिव्यू लेने का फैसला किया।
यह घटना पाकिस्तान की पारी के आखिरी ओवर में हुई, जब टीम 9 विकेट गंवा चुकी थी और कप्तान शाहीन शाह अफरीदी बल्लेबाजी कर रहे थे। बांग्लादेश के स्पिनर रिशाद हुसैन की गेंद को ऑन-फील्ड अंपायर कुमार धर्मसेना ने वाइड करार दिया था। इसके बाद बांग्लादेश ने एलबीडब्ल्यू की अपील करते हुए रिव्यू लिया। अल्ट्राएज में स्पाइक दिखने के बाद अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा। इस फैसले के बाद मैच का रुख बांग्लादेश की ओर झुक गया और उन्होंने मुकाबला जीत लिया।
पाकिस्तान ने इस फैसले को लेकर नाराजगी जताते हुए ICC से शिकायत की है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मैच के दौरान किसी भी नियम का उल्लंघन नहीं हुआ।









