प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। अपने संबोधन की शुरुआत उन्होंने कारगिल विजय दिवस पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देकर की। इसके बाद उन्होंने देश के युवाओं, वैज्ञानिक उपलब्धियों, रक्षा तकनीक, जल संरक्षण, पर्यावरण और खेल जगत में भारत की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि युवा नई ऊंचाइयों तक देश का नाम पहुंचा रहे हैं।
कारगिल के वीर जवानों को श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री ने कहा कि कारगिल विजय दिवस ऐसी तारीख है, जिसे याद रखने के लिए कैलेंडर देखने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को नमन करते हुए कहा कि भारतीय जवानों ने विषम परिस्थितियों में भी अदम्य साहस का परिचय दिया। उन्होंने बताया कि दिल्ली से द्रास तक शौर्य विजय यात्रा निकाली जा रही है।
युवाओं ने कर दिखाया असंभव
पीएम मोदी ने भारतीय युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि वे दुनिया भर में भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस महीने आयोजित फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और मैथ्स ओलंपियाड में भारतीय छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया और देश का गौरव बढ़ाया।
विक्रम-1 लॉन्च पर जताया गर्व
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले सप्ताह विक्रम-1 का सफल प्रक्षेपण भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह निजी क्षेत्र द्वारा विकसित भारत का पहला रॉकेट है और युवा इनोवेटर्स ने वह कर दिखाया, जो कभी लगभग असंभव माना जाता था।
स्वदेशी रक्षा तकनीक का बढ़ता दम
पीएम मोदी ने कहा कि भारत रक्षा तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने INS महेंद्रगिरी के नौसेना में शामिल होने और पिनाका मिसाइल के सफल प्रक्षेपण का उल्लेख करते हुए कहा कि ये उपलब्धियां भारत की स्वदेशी तकनीकी क्षमता का प्रमाण हैं। प्रधानमंत्री ने ‘कैच द रेन’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि जहां पानी गिरे, उसे वहीं रोकने का प्रयास होना चाहिए। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में हजारों तालाब बनाए गए हैं और जल संरक्षण की दिशा में सराहनीय कार्य हो रहे हैं।
पीएम मोदी ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पीवी सिंधु की जापान ओपन में जीत और भारतीय महिला क्रिकेट टीम के टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन की भी सराहना की।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश
प्रधानमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का जिक्र करते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने अहमदाबाद में एक घंटे में 3.5 लाख और उत्तर प्रदेश में एक दिन में 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जाने का उल्लेख किया।
पीएम मोदी ने बिहार के सीतामढ़ी में प्लास्टिक कचरे से बेंच बनाने की पहल का उदाहरण देते हुए लोगों से प्लास्टिक का उपयोग कम करने की अपील की। उन्होंने गणेशोत्सव के दौरान प्लास्टर ऑफ पेरिस (POP) की बजाय मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं अपनाने का भी आग्रह किया।
लोकल उत्पादों और खादी को बढ़ावा
प्रधानमंत्री ने कश्मीर की वागु चटाई, बिजनौर की हर्बल चाय, राष्ट्रीय हथकरघा दिवस और खादी की बढ़ती लोकप्रियता का उल्लेख करते हुए लोगों से स्थानीय उत्पाद खरीदने और स्वदेशी को बढ़ावा देने की अपील की।
कलाम को याद कर ‘हर घर तिरंगा’ का आह्वान
अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने गुरु पूर्णिमा और आगामी स्वतंत्रता दिवस का उल्लेख करते हुए देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।