Loading...
  • ... अपडेट हो रहा है
  • ... अपडेट हो रहा है
  • ... अपडेट हो रहा है
24K Gold
Loading...
Silver (1kg)
Loading...
24K Gold
Loading...
ताज़ा ख़बरें
Loading updates...

प्रयागराज डीएम का आदेश: गैस सिलेंडर की कमी नहीं, कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई


प्रयागराज में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर किसी भी तरह की कमी नहीं है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि तेल कंपनियों द्वारा जिले की 144 गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को नियमित रूप से सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

डीएम ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में मांग के अनुसार गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य है। उपभोक्ताओं को 25 दिन के अंतराल के बाद डीएसी ऑथेंटिकेशन कोड के जरिए गैस सिलेंडर दिया जा रहा है, जिससे वास्तविक उपभोक्ताओं तक ही गैस पहुंचे और कालाबाजारी या डायवर्जन पर रोक लग सके।

जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकारी मजिस्ट्रेट, एसीपी, थाना प्रभारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी और पूर्ति निरीक्षकों के साथ लगातार निरीक्षण और निगरानी करें। यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण, डायवर्जन या कालाबाजारी न हो।

डीएम ने यह भी कहा कि किसी भी गैस एजेंसी पर अनावश्यक भीड़ नहीं लगनी चाहिए। यदि कहीं भीड़ की स्थिति बनती है तो संबंधित अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभालें और उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान करें।

उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि कोई भी गैस एजेंसी निर्धारित कीमत से अधिक राशि नहीं वसूलेगी। साथ ही जिन जनसेवा केंद्रों के माध्यम से गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जाती है, वहां भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी प्रकार की अनियमितता न हो।

जिलाधिकारी ने आशंका जताई कि इंटरनेट मीडिया या अन्य माध्यमों से गैस की कमी को लेकर भ्रामक जानकारी फैलाने की कोशिश हो सकती है। ऐसे मामलों में संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा गैस एजेंसियों के बाहर सूचना बैनर या फ्लेक्स लगाने के निर्देश दिए गए हैं, जिनमें यह स्पष्ट लिखा होगा कि गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को नियम के अनुसार सिलेंडर दिया जाएगा। साथ ही कालाबाजारी या जमाखोरी करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।