उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में हाल ही में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सफलतापूर्वक सुलझा ली है। रामगढ़ बाजार में एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति की क्रूरता से हत्या कर दी गई थी। पन्नूगंज पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा द्वारा अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी सदर श्री राज सोनकर के कुशल पर्यवेक्षण में पन्नूगंज पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू की थी।
यह घटना 27/28 जनवरी की रात की है, जब रामगढ़ बाजार में मंगरू (उम्र लगभग 35 वर्ष), जो भीख मांगकर जीवनयापन करता था और अक्सर सड़क किनारे सोता था, उसकी अज्ञात हमलावर ने हत्या कर दी थी। ग्राम चौकीदार रामबली की तहरीर पर थाना पन्नूगंज में मामला दर्ज किया गया था।
ऐसे हुआ खुलासा और गिरफ्तारी
मुखबिर खास से मिली सूचना के आधार पर, पुलिस ने अभियुक्त विकाश कुमार उर्फ विक्की (उम्र करीब 26 वर्ष) को करवनिया नहर मझिगाईं पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह पूर्व में भी चोरी की घटनाएँ कर चुका है। उसने बताया कि 27 जनवरी को उसने मृतक मंगरू को भीख में मिली धनराशि गिनकर जेब में रखते हुए देखा था, जिसके बाद उसके मन में चोरी का विचार आया।
रात्रि में जब वह चोरी के इरादे से रामगढ़ बाजार पहुंचा और मंगरू की जेब से पैसे निकालने की कोशिश की, तो मंगरू जाग गया और विरोध करने लगा। पकड़े जाने के डर से, विकाश ने अपनी पैंट में रखा हुआ शीशे का टुकड़ा (काँच) निकाला और मंगरू के गले पर वार कर दिया, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया शीशे का टुकड़ा, खून से सने जैकेट, पैंट और जूते बरामद कर लिए हैं।
भीख के चंद पैसों के लिए की गई इस क्रूर हत्या के मामले को सुलझाकर सोनभद्र पुलिस ने न सिर्फ अपराध का खुलासा किया है, बल्कि आरोपी विकाश कुमार उर्फ विक्की को जेल भेजकर कानून का शिकंजा कस दिया है।









