शिवसेना (UBT) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने 4 अक्टूबर 2026 को चुनाव आयोग के खिलाफ अपने विरोध मार्च का मार्ग मुंबई पुलिस के अनुरोध के बाद बदलाव किया है. शिवसेना (UBT) के नेता अनिल परब ने जानकारी देते हुए कहा की दोनों दलों ने मार्ग में बदलाव करने पर सहमति जताई और संशोधित मार्ग के तहत मेट्रो सिनेमा से बीएमसी मुख्यालय तक मार्च निकालने का फैसला किया.
बायकुला फ्लाईओवर वाले हिस्से में सुरक्षा संबंधी जोखिम
पुलिस कमिश्नर देवेन भारती ने मूल मार्ग में बायकुला फ्लाईओवर वाले हिस्से में संभावित अवरोध और सुरक्षा संबंधी जोखिमों को रेखांकित किया था, जिसके बाद दोनों पार्टी की सहमति से यह फैसला लिया गया. उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) और राज ठाकरे के नेतृत्व वाली MNS ने पहले बायकुला से बृहन्मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय तक मार्च आयोजित करने की घोषणा की थी.
मुंबई पुलिस के अनुरोध और पार्टी से चर्चा के बाद बदला मार्ग
MNS नेता बाला नांदगांवकर के साथ प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए अनिल परब ने कहा, ‘पहले तय मार्ग के अनुसार हमें बायकुला में एक फ्लाईओवर पार करना था. वहां साढ़े तीन से चार फुट तक के डिवाइडर भी हैं. अगर कोई अप्रिय घटना होती है, तो बच निकलने के लिए कोई जगह नहीं होगी. इसलिए मुंबई पुलिस आयुक्त ने हमसे मार्ग बदलने का अनुरोध किया. हमने अपने-अपने पार्टी प्रमुखों के साथ इस मुद्दे पर चर्चा करने के बाद उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया है.‘ मोर्चा आयोजित करने का समय सुबह 10 बजे ही रहेगा. ठाकरे भाईयों ने निर्वाचन आयोग के खिलाफ संयुक्त मार्च निकालने की घोषणा करते हुए समर्थकों और आम जनता से अपील की कि वे अपने-अपने दलों के झंडों के बजाय केवल तिरंगा लेकर आएं.