उत्तर प्रदेश पुलिस दरोगा भर्ती परीक्षा के दौरान वाराणसी से सॉल्वर गिरोह का मामला सामने आया है। परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान गड़बड़ी पकड़ में आने के बाद अधिकारियों ने एक युवक को गिरफ्तार किया, जो असली अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दे रहा था।
यह घटना वाराणसी के सनातन धर्म इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र की है, जहां रविवार को पहली पाली की परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान बायोमेट्रिक मिलान में संदेह होने पर एक अभ्यर्थी की जांच की गई। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि वह असली उम्मीदवार नहीं है, बल्कि किसी और की जगह परीक्षा देने पहुंचा था।
पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र के नसीरपुर पोहडीह गांव निवासी विमलेश कुमार के रूप में हुई। उसके पास से आधार कार्ड, प्रवेश पत्र और अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि वह सोनभद्र जिले के झारोकला कटौली निवासी पवन कुमार की जगह परीक्षा दे रहा था। बायोमेट्रिक और आधार ई-केवाईसी की जांच में यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया कि परीक्षा देने वाला युवक असली अभ्यर्थी नहीं था।
केंद्र व्यवस्थापक की सूचना पर लक्सा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लक्सा थाना प्रभारी के अनुसार पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और सॉल्वर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश जारी है।









