उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. चुनावी बिगुल बजने से पहले ही राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और बयानबाजी का दौर तेज होता नजर आ रहा है. हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक बयान ने प्रदेश की सियासत को और गरमा दिया है.
आज यूपी CM योगी आदित्यनाथ ने मोदी के राजनीतिक जीवन के 25 साल पुरे होने पर जीपीओ स्थित पटेल पार्क में सेवा ज्योति यात्रा ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ कार्यक्रम को संबोधित किया.योगी आदित्यनाथ ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं दी. सीएम ने ‘जनसेवा से देशसेवा’ प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया.
कार्यक्रम में सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर प्रहार किया. उन्होंने कहा- “राज्यसभा चुनाव ने बता दिया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का परिणाम क्या होने जा रहा है. ये लड़ाई फिर 80-20 की हो गई है. 80 फीसदी एनडीए और 20 फीसदी पीडीए का हिस्सा है.” सीएम योगी का यह बयान ऐसे समय आया है जब उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए बीजेपी ने आठ और समाजवादी पार्टी ने दो उम्मीदवार उतारे हैं. सपा के तीसरे उम्मीदवार नहीं उतारने के बाद सभी 10 उम्मीदवारों के निर्विरोध चुने जाने की स्थिति बनी है.
मोदी के 25 साल के सफर को बताया ‘गांव से ग्लोबल’ यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर योगी आदित्यनाथ ने उन्हें बधाई दी. उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और अब वह देश का नेतृत्व कर रहे हैं. योगी ने मोदी की राजनीतिक यात्रा को “गांव से ग्लोबल” की यात्रा बताते हुए कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता और स्वयंसेवक के रूप में शुरू हुआ सफर आज भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने तक पहुंचा है.
‘मोदी ने भारत को सशक्त और समर्थ देश के रूप में प्रस्तुत किया’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 वर्षों में भारत को दुनिया के सामने एक सशक्त और समर्थ देश के रूप में प्रस्तुत किया. उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश में ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने और नए भारत के निर्माण की दिशा में काम हुआ है. सीएम योगी ने यह भी कहा कि जब नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, तब अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री थे और आज मोदी उत्तर प्रदेश की वाराणसी लोकसभा सीट से सांसद रहते हुए देश का नेतृत्व कर रहे हैं.
रेलवे और एयर कनेक्टिविटी का भी जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने देश में बढ़ी कनेक्टिविटी को लेकर रेलवे, एक्सप्रेसवे और एयर कनेक्टिविटी का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि रेलवे के विद्युतीकरण, ब्रॉडगेज नेटवर्क, ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के साथ वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत जैसी सेवाओं से परिवहन नेटवर्क में बदलाव आया है. उन्होंने एयर कनेक्टिविटी का जिक्र करते हुए कहा कि देश में एयरपोर्ट की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है और अब सामान्य नागरिकों के लिए हवाई यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुलभ हुई है.
‘विकसित भारत-2047’ का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशवासियों को ‘विकसित भारत-2047’ का सामूहिक संकल्प दिलाया. इसके बाद लखनऊ में बीजेपी पदाधिकारियों की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मशाल सौंपी गई और सेवा ज्योति यात्रा को आगे रवाना किया गया. कार्यक्रम में योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होना केवल एक अवसर नहीं, बल्कि आगे के संकल्पों को नई ऊर्जा देने का समय भी है.