पुणे पुलिस ने कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में सिया गोयल और चेतन चौधरी की कथित शादी की जांच के लिए खाटू श्याम मंदिर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज चेक करा।
नई दिल्ली: कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। इसी कड़ी में पुणे ग्रामीण पुलिस राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर पहुंची, जहां उसने सिया गोयल और चेतन चौधरी की कथित शादी के दावों की जांच की। पुलिस ने मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज भी मांगे, लेकिन जांच में कोई ठोस सबूत हाथ नहीं लग सका। गुरुवार को दोनों आरोपियों की 14 दिन की पुलिस हिरासत पूरी होने के बाद उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।
खाटू श्याम मंदिर क्यों पहुंची पुलिस?
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, पुणे ग्रामीण पुलिस की टीम सिया गोयल और चेतन चौधरी की कथित शादी के दावों की पुष्टि करने के लिए राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर पहुंची थी। जांच के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज भी मांगे, लेकिन संबंधित अवधि के फुटेज उपलब्ध नहीं हो सके। ऐसे में पुलिस को इस पहलू पर कोई ठोस सफलता नहीं मिली।
क्या सच में दोनों ने कर ली थी शादी?
पुणे ग्रामीण पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पहले बताया था कि सिया गोयल और चेतन चौधरी के बीच हुई बातचीत के विश्लेषण से यह संकेत मिले हैं कि दोनों ने कथित तौर पर गुपचुप शादी की थी। पुलिस अब इस दावे की पुष्टि करने के साथ-साथ यह भी जांच कर रही है कि यदि शादी हुई थी तो उसका कानूनी पंजीकरण कराया गया था या नहीं।
अगर आप खबरों के पीछे की पूरी कहानी और हर मुद्दे का सटीक विश्लेषण जानना चाहते हैं, तो 15 अगस्त से देखिए भारत अपडेट का विशेष कार्यक्रम ‘भारत भाग्य विधाता’।
डिजिटल सबूतों की हो रही जांच
जांच एजेंसियां इस मामले में आरोपियों के मोबाइल फोन, चैट रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच कर रही हैं। पुलिस का आरोप है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने कथित तौर पर कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश इसलिए रची, क्योंकि वह दोनों के रिश्ते में बाधा बन रहे थे।
वायरल स्नैपचैट मैसेज ने बढ़ाई जांच
जांच के दौरान सिया गोयल का एक कथित स्नैपचैट मैसेज भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार यह संदेश मई महीने में भेजा गया था, जो केतन अग्रवाल की हत्या से कुछ सप्ताह पहले का बताया जा रहा है। इस मैसेज में सिया अपनी सहेली से नवंबर में प्रस्तावित शादी के लिए आधार कार्ड भेजने को कहती है, लेकिन साथ ही लिखती है कि “वैसे भी शादी होने वाली नहीं है।” पुलिस अब इस संदेश की प्रामाणिकता की भी जांच कर रही है।
18 जून को हुई थी केतन अग्रवाल की मौत
पुलिस के मुताबिक, 18 जून को लोनावला स्थित लोहागढ़ किले पर सिया गोयल और चेतन चौधरी ने कथित तौर पर केतन अग्रवाल को ऊंचाई से धक्का दे दिया था, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दोनों आरोपियों को अदालत ने 16 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजा था।
परिवार ने की न्याय की मांग
केतन अग्रवाल की मां ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर न्याय की मांग की है। वहीं, इससे पहले केतन के पिता भी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग कर चुके हैं। पुलिस फिलहाल सभी सबूतों और डिजिटल रिकॉर्ड के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।


