लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए बसपा प्रमुख मायावती का जिक्र किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन का हवाला देते हुए कहा कि मायावती ने सामान्य शिष्टाचार निभाते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी, जबकि सपा नेताओं की ओर से संवेदना व्यक्त नहीं की गई। योगी ने इसे लेकर अखिलेश यादव पर तीखा तंज भी कसा।
‘गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं’
सीएम योगी ने अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले लोग परिभाषाएं भी बदलते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले ‘P’ की परिभाषा पिछड़ा से की गई, फिर पंडित से की गई और एक दिन ये लोग ‘P’ की परिभाषा पाकिस्तान से भी कर देंगे।
कल्याण सिंह के निधन का किया जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में प्रदेश के तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के निधन के बाद आयोजित कार्यक्रमों में वह शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि तीनों अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े थे।
पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह के निधन को याद करते हुए योगी ने कहा कि यह उनके लिए बेहद दुखद और असहनीय क्षण था। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने कार्यक्रम छोड़कर लखनऊ पहुंचे थे, जबकि वह खुद और उनकी पूरी कैबिनेट अंतिम संस्कार में मौजूद रही थी।
‘मायावती जी आईं लेकिन…’
सीएम योगी ने कहा कि बसपा प्रमुख मायावती सामान्य शिष्टाचार के तहत कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंची थीं, लेकिन समाजवादी पार्टी के नेताओं ने प्रत्यक्ष रूप से जाकर श्रद्धांजलि नहीं दी और न ही शब्दों में संवेदना व्यक्त की।
योगी ने इसे शर्मनाक बताते हुए कहा कि इससे बड़ा अपमान और क्या हो सकता है। उन्होंने कहा कि यह केवल बाबूजी कल्याण सिंह का अपमान नहीं था, बल्कि जातीय अपमान और हर सनातन हिंदू का अपमान था।