नई दिल्ली: दिल्ली के करोल बाग इलाके में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। रेगरपुरा इलाके में प्यारे लाल रोड पर एक पुरानी दो मंजिला इमारत को गिराने के दौरान उसका एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
डेमोलिशन के दौरान अचानक ढह गई इमारत
जानकारी के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब 12 बजे हुआ। पुरानी दो मंजिला इमारत में रिपेयरिंग और डेमोलिशन का काम चल रहा था। इसी दौरान इमारत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया।
हादसे के वक्त वहां कुछ मजदूर काम कर रहे थे, जो मलबे में दब गए। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इमारत के मालिकों ने इसे गिराने के लिए एक निजी कॉन्ट्रैक्टर को काम सौंपा था। बताया जा रहा है कि डेमोलिशन से पहले संबंधित एजेंसी से आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी।
मलबे में दबे मजदूरों के लिए चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन
इमारत का हिस्सा गिरने की सूचना मिलते ही करोल बाग पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया।
रेस्क्यू टीम ने मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
एक मजदूर की मौत, तीन घायल
हादसे में चार मजदूर प्रभावित हुए। इनमें शेख शमशाद की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई। उसका शव LHMC अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है।
वहीं मो. अयूब को सिर में गंभीर चोट और दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। उसे डॉ. RML अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
एक अन्य मजदूर शेख सैदुल भी घायल हुआ है और उसका इलाज जीवन माला अस्पताल में चल रहा है। जबकि रफीक उल को मामूली चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और वह अपने घर चला गया।
इमारत के मालिक और कॉन्ट्रैक्टर हिरासत में
हादसे के बाद पुलिस ने इमारत के मालिकों और कॉन्ट्रैक्टर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने मौके पर बचाव अभियान पूरा किया।
फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों और डेमोलिशन के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन की जांच कर रही है। इमारत को गिराने के लिए जरूरी अनुमति ली गई थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा रही है। इमारत गिरने के कारणों और डेमोलिशन के दौरान बरती गई सावधानियों की जांच के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
करोल बाग के घनी आबादी वाले इलाके में हुए इस हादसे के बाद सुरक्षा मानकों और बिना अनुमति डेमोलिशन के आरोपों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।