उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इंडिया गठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर सियासी खींचतान तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग पर जारी बातचीत के बीच सपा ने अपने पांच उम्मीदवारों के नामों की पहली सूची जारी कर दी है. इस फैसले पर यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जताते हुए समाजवादी पार्टी की गंभीरता पर सवाल उठाए हैं. वहीं, सपा नेता एसटी हसन और सांसद रामजी लाल सुमन ने इमरान मसूद के बयान पर पलटवार किया है.
‘एक तरफ बातचीत, दूसरी तरफ उम्मीदवारों का ऐलान’
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि समाजवादी पार्टी के इस कदम से गठबंधन को लेकर गंभीरता की कमी दिखाई देती है. एक तरफ दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत हो रही है, जबकि दूसरी तरफ उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जा रही है. उन्होंने कहा कि अब तक दोनों दलों के नेता एक साथ बैठकर गंभीरता से चर्चा कर रहे थे, लेकिन अचानक उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी गई.
‘सपा बीजेपी से लड़ना चाहती है या इमरान मसूद से?’
इमरान मसूद ने कहा कि अब कांग्रेस अपने स्तर पर चर्चा करेगी कि समाजवादी पार्टी के साथ आगे बातचीत करनी है या नहीं. मौजूदा परिस्थितियों में क्या कदम उठाया जाएगा, इसका फैसला पार्टी नेतृत्व ही करेगा.
उन्होंने कहा, ‘जब आपने मेरे खिलाफ यह घोषणा कर दी है, तो मुझे समझ नहीं आ रहा कि आप मुझसे लड़ना चाहते हैं, कांग्रेस से लड़ना चाहते हैं या फिर बीजेपी से? यह तो तय होना चाहिए कि आप बीजेपी से लड़ना चाहते हैं या हमसे?’
‘किसी को तीखी टिप्पणी करने का अधिकार नहीं’- एसटी हसन
इमरान मसूद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के नेता एसटी हसन ने कहा कि किसी भी नेता को तीखी टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है. दोनों दलों के बीच अच्छे माहौल में बातचीत चल रही है. अभी तक अखिलेश यादव, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रोफेसर रामगोपाल यादव जैसे वरिष्ठ नेताओं ने भी कोई तीखी टिप्पणी नहीं की है.
एसटी हसन ने कहा कि सीटों के बंटवारे का अंतिम फैसला दोनों दलों का शीर्ष नेतृत्व ही करेगा. उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस मिलकर ही बीजेपी को सत्ता से बाहर कर सकती हैं. उनके मुताबिक, दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता भी उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन चाहते हैं.
रामजी लाल सुमन ने दी मर्यादा में रहने की नसीहत
समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन ने भी इमरान मसूद के बयान पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि सपा ने पांच उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है तो इतनी हाय-तौबा मचाने की क्या जरूरत है? जिन सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए गए हैं, वहां समाजवादी पार्टी के विधायक ही चुनाव जीतकर आए हैं. ऐसे में क्या पार्टी अपनी जीती हुई सीटों पर भी उम्मीदवार घोषित नहीं कर सकती?
रामजी लाल सुमन ने इमरान मसूद को मर्यादा में रहने की नसीहत देते हुए कहा कि यदि निचले स्तर पर बातचीत से सहमति नहीं बनती है, तो अखिलेश यादव और राहुल गांधी आपस में चर्चा करेंगे. उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों दलों के बीच गठबंधन होगा और वे मिलकर बीजेपी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे.
AIMIM ने भी अखिलेश यादव को घेरा
सपा की पहली उम्मीदवार सूची को लेकर कांग्रेस की नाराजगी के बीच AIMIM ने भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. ऐसे में विधानसभा चुनाव से पहले सीट बंटवारे का मुद्दा उत्तर प्रदेश की राजनीति में चर्चा का केंद्र बन गया है. अब देखना होगा कि दोनों दलों का शीर्ष नेतृत्व इन मतभेदों को दूर करने के लिए क्या कदम उठाता है.


