मथुरा: खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मथुरा में FSDA (खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने मिलावटी दूध से भरे एक टैंकर को रोककर करीब 2,000 लीटर दूध मौके पर ही नष्ट करा दिया।
जानकारी के मुताबिक, FSDA की टीम ने राया रेलवे फाटक के पास नाकाबंदी कर मिलावटी दूध से भरे टैंकर को पकड़ा। जांच के दौरान दूध में मिलावट की आशंका सामने आने के बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए पूरे दूध को सड़क किनारे नाली में बहाकर नष्ट कर दिया।
बताया जा रहा है कि नष्ट किए गए दूध की कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये है। कार्रवाई के दौरान टैंकर चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।
FSDA की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि मिलावटी दूध कहां से लाया गया था और इसे मथुरा में कहां सप्लाई किया जाना था। अधिकारियों के मुताबिक, मिलावटखोरों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मथुरा में हुई इस कार्रवाई के बाद दूध और अन्य खाद्य पदार्थों की सप्लाई करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर रोक लगाने के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।