अमरावती: महाराष्ट्र के अमरावती जिले में सोमवार (24 अगस्त) की सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ। यहां के सरकारी महिला अस्पताल के NICU (नवजात गहन चिकित्सा कक्ष) में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में तीन नवजात बच्चों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य बच्चे घायल बताए जा रहे हैं। घटना के समय NICU में कुल 39 नवजातों का इलाज चल रहा था।
वेंटिलेटर में ब्लास्ट के बाद आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, NICU में एक वेंटिलेटर में विस्फोट के बाद आग लगने की बात सामने आ रही है। आग लगते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल के कर्मचारियों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और NICU में भर्ती बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की।
छह नवजातों को दूसरे अस्पताल में किया गया शिफ्ट
हादसे के बाद छह नवजातों को बेहतर इलाज के लिए सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है। डॉक्टर घायल बच्चों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
एक साल पहले शुरू हुआ था SNCU
बताया जा रहा है कि अस्पताल में करीब एक साल पहले ही SNCU (Special Newborn Care Unit) की शुरुआत हुई थी। ऐसे में अब अस्पताल की फायर सेफ्टी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आग लगने के दौरान अस्पताल का फायर सेफ्टी सिस्टम प्रभावी तरीके से काम क्यों नहीं कर पाया। हादसे की विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।