बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन अपने फैशन और स्टाइल के लिए जानी जाती हैं। लेकिन इस बार उनका एक फेस्टिव लुक सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है। रक्षाबंधन के मौके पर एक ज्वेलरी ब्रांड के नए विज्ञापन में कृति सेनन नजर आईं। इस ऐड को लेकर एक्ट्रेस ट्रोल्स के निशाने पर हैं।
कृति के आउटफिट पर उठे सवाल
रक्षाबंधन कैंपेन के इस विज्ञापन में कृति सेनन ऑफ-व्हाइट कलर के ब्रालेट स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट में नजर आ रही हैं। ऐड सामने आने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके आउटफिट पर सवाल उठाना शुरू कर दिया। यूजर्स का कहना है की रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक त्योहार के मौके पर इस तरह के कपड़े पहनना बिलकुल भी सही नहीं है. वहीं कुछ यूजर्स ने कहा कि किसी महिला को उसके कपड़ों के आधार पर जज नहीं करना चाहिए और कृति का समर्थन किया।
एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, “क्या कोई भी ज्वेलरी ब्रांड ईद के मौके पर ऐसा ऐड बनाने की हिम्मत करेगा?” वहीं एक दूसरे यूजर ने सवाल किया कि क्या कृति किसी दूसरे धर्म के त्योहार पर भी इसी तरह के कपड़े पहनकर विज्ञापन करतीं?
एक अन्य यूजर ने लिखा कि उसने अपनी पूरी जिंदगी में पहली बार किसी महिला को इस तरह के आउटफिट में अपने भाई को राखी बांधते देखा है।
कुत्ते को राखी बांधने पर भी विवाद
विज्ञापन में कृति अपने भाई के साथ एक कुत्ते को भी राखी बांधती नजर आती हैं। ऐड में कुत्ता पहले कृति पर भौंकता है। इसके बाद कृति उसे परिवार का हिस्सा मानते हुए राखी बांध देती हैं।
इस सीन को लेकर भी सोशल मीडिया पर कई लोगों ने आपत्ति जताई। कुछ यूजर्स का कहना है कि कुत्ते को भाई के साथ इस तरह दिखाना रक्षाबंधन की परंपरा के हिसाब से सही नहीं है।
एक यूजर ने कमेंट किया कि कुत्ते को भाई से ज्यादा अहमियत दी जा रही है और इससे रक्षाबंधन की पवित्रता कम होती है।
वहीं कुछ लोगों ने इसे हिंदू धर्म और त्योहार की भावनाओं से जोड़ते हुए भी आपत्ति जताई।
सोशल मीडिया पर जमकर हुई ट्रोलिंग
ऐड सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कृति सेनन को लेकर कई तरह के कमेंट देखने को मिले। एक यूजर ने उनके आउटफिट को लेकर लिखा कि “ब्रा जैसी ड्रेस पहनकर राखी बांधना शर्मनाक है।”
वहीं दूसरे यूजर ने लिखा कि “बॉलीवुड एक्ट्रेस इतने छोटे कपड़े पहनकर रक्षाबंधन मना रही हैं और कुत्ते को भाई से ज्यादा अहमियत दे रही हैं।”
कुछ यूजर्स ने ब्रांड पर भी सवाल उठाए। लोगों ने पूछा कि क्या ब्रांड दूसरे धर्मों के त्योहारों पर भी इसी तरह का विज्ञापन बनाएगा।
हालांकि, सोशल मीडिया पर हर कोई कृति के खिलाफ नहीं था। कुछ लोगों ने एक्ट्रेस का बचाव भी किया। उनका कहना है कि किसी महिला को उसके कपड़ों के आधार पर जज नहीं करना चाहिए। कुछ यूजर्स ने विज्ञापन को नए जमाने की सोच बताया।
कृति सेनन का नहीं आया कोई बयान
इस पूरे विवाद पर अभी तक कृति सेनन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। संबंधित ज्वेलरी ब्रांड ने भी इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।