पटना: BPSC के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह के विवादित बयान को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। मामले में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा एक्शन लेते हुए परीक्षा नियंत्रक को निलंबित करने का निर्देश दिया है। अधिकारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारी से बात कर सामान्य प्रशासन विभाग को निलंबन की कार्रवाई करने का आदेश दिया।
विवादित बयान के बाद लिया गया एक्शन
BPSC परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह ने सोमवार (24 अगस्त 2026) को आयोग के कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा था- “हाथी चले बाजार, कुत्ता भौंके हजार।” उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद इसको लेकर विवाद शुरू हो गया और कई राजनीतिक दलों ने अधिकारी के बयान पर सवाल उठाए।
मामले की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तुरंत संज्ञान लिया और अधिकारी को निलंबित करने का निर्देश जारी कर दिया।
परीक्षा नियंत्रक ने जताया था खेद
विवाद बढ़ने के बाद राजेश कुमार सिंह अपने बयान पर खेद भी जता चुके हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने केवल एक लोकोक्ति का इस्तेमाल किया था। हालांकि, अगर उनके बयान से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए खेद व्यक्त करते हैं।
इसके बावजूद मुख्यमंत्री ने मामले में सख्त रुख अपनाते हुए निलंबन का निर्देश दिया है।
तेजस्वी और जन सुराज ने भी उठाया था सवाल
मामले को लेकर विपक्ष की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई थी। तेजस्वी यादव समेत प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज ने परीक्षा नियंत्रक के बयान पर सवाल उठाते हुए उनसे माफी मांगने की मांग की थी। सोशल मीडिया पर मामला बढ़ने के बाद सरकार की ओर से तत्काल कार्रवाई की गई।
धरने पर बैठे हैं शिक्षक अभ्यर्थी
दरअसल, पटना के गर्दनीबाग में शिक्षक अभ्यर्थी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं। TRE-4 के शिक्षक अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगों में निगेटिव मार्किंग खत्म करना और एक ही परीक्षा आयोजित करना शामिल है।
इसी मुद्दे को लेकर BPSC की ओर से सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई थी। आयोग ने स्पष्ट किया कि निगेटिव मार्किंग हटाने और केवल एक परीक्षा कराने की मांग को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
इसी दौरान परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह के विवादित बयान का वीडियो सामने आया, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया और अब मुख्यमंत्री के निर्देश पर उनके निलंबन की कार्रवाई शुरू हो गई है।