उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर अपनी बेटे की प्रेमिका को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, मृतका और आरोपी महिला के बेटे के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस रिश्ते से लड़के की मां बिल्कुल खुश नहीं थी। आरोप है कि महिला ने युवती को फोन कर अपने बेटे से दूर रहने को कहा और यहां तक कह दिया कि ‘अगर मेरे बेटे से प्यार है तो अपनी जान दे दो’।
इस बात से आहत होकर युवती ने यह खौफनाक कदम उठा लिया। मृतका के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।