नई दिल्ली: Apple के नए iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बिक्री शुरू होने से पहले ही दिल्ली के साकेत स्थित Select Citywalk के Apple Store के बाहर बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंच गए। कई लोग रात से ही लाइन में खड़े होकर नए iPhone को सबसे पहले खरीदने का इंतजार करते रहे।
दिल्ली के अलावा मुंबई और बेंगलुरु में भी Apple Store और अधिकृत रिटेल आउटलेट्स के बाहर ग्राहकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई खरीदार पहले से प्री-बुकिंग कराकर स्टोर पहुंचे थे।
1TB मॉडल के लिए भी उत्साह
दिल्ली के साकेत स्टोर के बाहर खड़े एक ग्राहक अजय ने बताया कि उन्होंने iPhone 18 Pro Max का 1TB मॉडल पहले ही प्री-बुक कर लिया है। वह सबसे पहले फोन लेने के लिए स्टोर पहुंचे थे। अजय ने बताया कि फिलहाल वह iPhone 17 Pro इस्तेमाल कर रहे हैं और नए मॉडल के फीचर्स को लेकर उत्साहित हैं।
वहीं, टेक रिव्यूअर सूरज चौहान ने बताया कि वह पिछले साल iPhone 17 Pro खरीद चुके थे और इस बार iPhone 18 Pro Max लेने पहुंचे हैं। उन्होंने नए फोन में कैमरा और क्वालिटी में सुधार की उम्मीद जताई।
मुंबई में भी रातभर लगी लाइन
मुंबई में भी नए iPhone को लेकर लोगों का उत्साह देखने को मिला। एक ग्राहक ने बताया कि वह पूरी रात Apple Store के बाहर इंतजार करता रहा। नासिक से मुंबई पहुंचे एक अन्य ग्राहक ने बताया कि वह रात करीब 10 बजे से लाइन में खड़े थे और उन्हें सुबह 8 बजे का स्लॉट मिला था।
Apple के मुताबिक, साकेत स्थित स्टोर पर 18 सितंबर को विशेष तौर पर सुबह 8 बजे से स्टोर खुलने का समय रखा गया था।
लाखों रुपये तक है कीमत
iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत 256GB मॉडल के लिए ₹1,64,900 है, जबकि 2TB मॉडल की कीमत ₹3,14,900 तक जाती है। वहीं, iPhone 18 Pro Max की शुरुआती कीमत ₹1,79,900 है और 2TB वेरिएंट की कीमत ₹3,29,900 तक है।
इसके बावजूद दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु में बड़ी संख्या में ग्राहक नए iPhone को खरीदने के लिए स्टोर के बाहर नजर आए। कई ग्राहक नए कैमरा फीचर्स, बेहतर परफॉर्मेंस और अन्य अपग्रेड को लेकर उत्साहित दिखाई दिए।