महाभारत के भीम यानी सौरव गुर्जर पर लगे यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप, अभिनेता गिरफ्तार

टीवी धारावाहिक 'महाभारत' में भीम का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता सौरव गुर्जर को यौन उत्पीड़न के मामले में गिरफ्तार किया गया है।

हैदराबाद: टीवी सीरियल ‘महाभारत’ में भीम का किरदार निभाने वाले अभिनेता और पूर्व WWE रेसलर सौरव गुर्जर को यौन शोषण के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। हैदराबाद की गच्चीबोवली पुलिस ने एक 29 वर्षीय महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया था। सौरव को मुंबई एयरपोर्ट से हिरासत में लेने के बाद हैदराबाद लाया गया, जहां मजिस्ट्रेट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

शादी का वादा कर शोषण का आरोप

पुलिस के मुताबिक, शिकायत करने वाली महिला की सौरव गुर्जर से मुलाकात 2021 में इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों की बातचीत व्हाट्सऐप पर होने लगी। महिला का आरोप है कि 25 दिसंबर 2021 को दोनों पहली बार मिले और इसके बाद उनके बीच संबंध बने।

शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि सौरव ने उससे शादी करने और उसे पत्नी जैसा अधिकार देने का भरोसा दिलाया। महिला का यह भी दावा है कि सौरव ने बताया था कि वह पहले से शादीशुदा हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने भविष्य में उसके साथ रहने का वादा किया।

अमेरिका की नौकरी छोड़ने का भी दावा

महिला ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि सौरव ने उसे अमेरिका की नौकरी छोड़ने के लिए कहा और भारत में साथ मिलकर कारोबार शुरू करने का भरोसा दिया। महिला के मुताबिक, उसने इस भरोसे पर अपनी नौकरी छोड़ दी और बाद में भारत आ गई।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब वह सौरव से शादी के बारे में बात करती थी, तो वह उसका फोन या सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक कर देते थे और कुछ समय के लिए संपर्क तोड़ देते थे। महिला ने मानसिक परेशानी और आर्थिक नुकसान होने का भी आरोप लगाया है।

अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 तक साथ रहने का दावा

महिला के अनुसार, वह और सौरव अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 के बीच साथ रहे। शिकायत में आरोप है कि इसके बाद सौरव ने उससे दूरी बना ली और बिना बताए चले गए।

महिला ने 15 अगस्त 2026 को गच्चीबोवली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज किया। यह धारा धोखे या छलपूर्वक तरीके से यौन संबंध बनाने से संबंधित है।

मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़े गए सौरव

पुलिस ने सौरव गुर्जर के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया था। पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर की रात वह पश्चिम एशिया से मुंबई पहुंचे थे। इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें एयरपोर्ट पर रोक लिया।

इसके बाद गच्चीबोवली पुलिस की टीम उन्हें हैदराबाद लेकर पहुंची और मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है।

कौन हैं सौरव गुर्जर?

सौरव गुर्जर को सबसे ज्यादा पहचान 2013 के टीवी सीरियल ‘महाभारत’ से मिली, जिसमें उन्होंने भीम का किरदार निभाया था। इसके बाद उन्होंने ‘संकटमोचन महाबली हनुमान’ में रावण और बाली की भूमिका निभाई।

अभिनय के साथ सौरव प्रोफेशनल रेसलिंग में भी सक्रिय रहे हैं। उन्होंने 2018 में WWE के साथ काम शुरू किया और ‘Sanga’ नाम से रिंग में उतरे। वह ‘Indus Sher’ टैग टीम का हिस्सा भी रहे।

‘ब्रह्मास्त्र’ में भी नजर आए थे

सौरव गुर्जर ने बॉलीवुड फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र: पार्ट वन-शिवा’ में भी काम किया था। फिल्म में उन्होंने जोर (Zor) नाम का किरदार निभाया था। इस तरह टीवी, फिल्म और रेसलिंग की दुनिया में पहचान बना चुके सौरव अब हैदराबाद में दर्ज इस मामले को लेकर चर्चा में हैं।

संबंधित खबरें

ओम प्रकाश राजभर उत्तर प्रदेश को चार हिस्सों में क्यों बांटना चाहते हैं, जानिए इसके पीछे की वजह

कॉर्ड ब्लड बैंकिंग कराने से पहले इन जरूरी बातों की जानकारी है जरूरी

जमुई छात्रा बदसलूकी मामला: दो आरोपी गिरफ्तार, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उठाए सवाल

बिहार के बाढ़ और सूखा पीड़ितों को 15-15 हजार रुपये दे केंद्र: तेजस्वी यादव

होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान दौड़े इंजीनियर, मंजिल से महज 50 मीटर पहले गई जान

Recommended Stories

ओम प्रकाश राजभर उत्तर प्रदेश को चार हिस्सों में क्यों बांटना चाहते हैं, जानिए इसके पीछे की वजह

कॉर्ड ब्लड बैंकिंग कराने से पहले इन जरूरी बातों की जानकारी है जरूरी

जमुई छात्रा बदसलूकी मामला: दो आरोपी गिरफ्तार, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उठाए सवाल

बिहार के बाढ़ और सूखा पीड़ितों को 15-15 हजार रुपये दे केंद्र: तेजस्वी यादव

होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान दौड़े इंजीनियर, मंजिल से महज 50 मीटर पहले गई जान