नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए हैं। पार्टी ने 23 सितंबर को नई सूची जारी की। इसमें कई वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग राज्यों की संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया गया है, जबकि विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभार दिया गया है।
नई नियुक्तियों में सतीश पूनिया को जम्मू-कश्मीर और पंजाब की जिम्मेदारी मिली है। तरुण चुघ गुजरात के प्रभारी बनाए गए हैं। हरीश द्विवेदी को बिहार का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड का प्रभार सौंपा गया है।
उत्तर प्रदेश में विनोद तावड़े को जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश में BJP ने विनोद तावड़े को प्रभारी नियुक्त किया है। उनके साथ जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को सह-प्रभारी बनाया गया है। तावड़े पहले से ही उत्तर प्रदेश में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज को लेकर सक्रिय रहे हैं।उत्तर प्रदेश की यह नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब राज्य में अगले विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दल संगठनात्मक तैयारियों पर जोर दे रहे हैं। तावड़े के साथ चार सह-प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।
स्मृति ईरानी को दो राज्यों का प्रभार
भाजपा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया है। छत्तीसगढ़ में उनके साथ सिद्धार्थ शंभू को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि हरियाणा में भोला सिंह सह-प्रभारी होंगे। इस सूची में स्मृति ईरानी उन नेताओं में शामिल हैं जिन्हें एक से अधिक राज्यों की संगठनात्मक जिम्मेदारी दी गई है।
महाराष्ट्र में अमित मालवीय को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी
महाराष्ट्र में बैजयंत जय पांडा को प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ अमित मालवीय, सदानंद शेट तानावड़े और कमलजीत सहरावत को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं गुजरात में तरुण चुघ प्रभारी होंगे। उनके साथ अजय महावर और गोमती साई को सह-प्रभारी बनाया गया है।
जम्मू-कश्मीर और पंजाब का प्रभार सतीश पूनिया को
सतीश पूनिया को जम्मू-कश्मीर और पंजाब, दोनों राज्यों का प्रभारी बनाया गया है। जम्मू-कश्मीर में उनके साथ रीना कश्यप सह-प्रभारी होंगी। पंजाब में वीरेंद्र सचदेवा और अलका गुर्जर को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। हिमाचल प्रदेश में श्रीकांत शर्मा को प्रभारी और दर्शना सिंह को सह-प्रभारी बनाया गया है। राजस्थान में संजय भाटिया प्रभारी होंगे, जबकि कविता पाटीदार और कुलजीत चहल सह-प्रभारी बनाए गए हैं।
असम की जिम्मेदारी मंगल पांडे को
असम में मंगल पांडे को प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ फांगनोन कोन्याक और मनोज तिग्गा सह-प्रभारी होंगे। अरुणाचल प्रदेश में देवेश कुमार को प्रभारी बनाया गया है। मेघालय में कनाड पुरकायस्थ प्रभारी और नुमल मोमिन सह-प्रभारी होंगे। मणिपुर में राजदीप राय और मिजोरम में भगवत कराड को प्रभारी बनाया गया है। नगालैंड का प्रभार अनिल एंटनी को दिया गया है, जबकि त्रिपुरा में मृगांका देव बर्मन को जिम्मेदारी मिली है।
कई राज्यों में संगठनात्मक फेरबदल
भाजपा की नई सूची में बिहार, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड समेत कई राज्यों के प्रभारी और सह-प्रभारियों में बदलाव किया गया है। तेलंगाना और पश्चिम बंगाल का प्रभार सुनील बंसल को दिया गया है। मध्य प्रदेश में बिप्लब कुमार देब को प्रभारी और रेखा वर्मा को सह-प्रभारी बनाया गया है। उत्तराखंड में राम माधव प्रभारी होंगे और अरविंद मेनन तथा बांसुरी स्वराज सह-प्रभारी की जिम्मेदारी संभालेंगे। भाजपा के इस संगठनात्मक फेरबदल में राज्यों के साथ केंद्र शासित प्रदेशों के लिए भी प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होने की जानकारी सामने आई है।