देशभर में दीपावली का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं. पीएम मोदी ने एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों को प्रकाश के इस पर्व की बधाई दी. उन्होंने कहा कि दीपावली का त्योहार अंधकार के खिलाफ हमारे संकल्प और प्रकाश की शक्ति का प्रतीक है. प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि हर साल की परंपरा के मुताबिक इस बार भी वह देश के वीर जवानों के बीच जाकर दिवाली मनाएंगे.
अपने वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “नमस्ते। दीपावली का पावन पर्व, पूरा देश रोशनी से जगमगा रहा है. प्रकाश का ये पर्व अंधकार के खिलाफ हमारे संकल्प का परिचय है. आप सबको दीपावली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं.”
उन्होंने आगे कहा, “आपकी तरह मैं भी उत्साह से दिवाली मनाता हूं. आप जानते हैं देश के वीर जवानों के बीच जाना मेरा नित्य कर्म है, इस बार भी जारी रहेगा। आप सभी को दीपावली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं.”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली के अवसर पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन से भी शिष्टाचार मुलाकात की और उन्हें त्योहार की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. इससे पहले धनतेरस के मौके पर भी पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए देशवासियों को बधाई दी थी. उन्होंने अपने संदेश में भगवान धन्वंतरि का स्मरण करते हुए सभी के सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की थी.
वहीं, उत्तर प्रदेश में भी दीपावली और अयोध्या के भव्य दीपोत्सव को लेकर खास तैयारियां की गई हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव की तैयारियां पूरी होने की जानकारी दी. उन्होंने उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के अयोध्या आगमन का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी उपस्थिति इस पावन आयोजन को और भी ऐतिहासिक और यादगार बनाएगी.
अयोध्या में दीपोत्सव की शुरुआत के तहत शनिवार को पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई. प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने साकेत महाविद्यालय से शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. करीब तीन किलोमीटर का सफर तय करने के बाद शोभायात्रा रामकथा पार्क पहुंची.
राज्य सरकार की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इस साल शोभायात्रा में कुल 21 झांकियां शामिल की गईं. इनमें रामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों के साथ केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को भी प्रदर्शित किया गया. झांकियों में जल जीवन मिशन, एक जिला एक उत्पाद योजना, कृषि एवं पशुपालन, आयुष्मान भारत, मिशन शक्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं को जगह दी गई. इसके अलावा डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही.
इस तरह दीपावली के मौके पर प्रधानमंत्री के शुभकामना संदेश से लेकर अयोध्या के दीपोत्सव तक देशभर में उत्सव का माहौल देखने को मिल रहा है. अयोध्या में आयोजित होने वाला भव्य दीपोत्सव इस बार भी धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और सरकारी योजनाओं की झलक के साथ खास आकर्षण बना हुआ है.


