नागोया: एशियन गेम्स 2026 में भारत की युवा तीरंदाज कुमकुम अनिल मोहोड ने इतिहास रच दिया है. 17 वर्षीय कुमकुम ने शनिवार को महिलाओं की व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में गोल्ड मेडल अपने नाम किया. फाइनल में उन्होंने दक्षिण कोरिया की ओह येजिन को कड़े मुकाबले के बाद शूट-ऑफ में हराया. यह जीत भारतीय तीरंदाजी के लिए खास है, क्योंकि कुमकुम एशियन गेम्स की महिलाओं की व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं और उन्होंने सीधे गोल्ड पर कब्जा किया. उनकी जीत के साथ भारत को लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक के लिए एक व्यक्तिगत कोटा स्थान भी मिला.
5-5 की बराबरी के बाद शूट-ऑफ में जीता गोल्ड
कुमकुम और ओह येजिन के बीच फाइनल बेहद रोमांचक रहा. दक्षिण कोरियाई तीरंदाज ने शुरुआती दो सेटों के बाद 3-1 की बढ़त बना ली थी. कुमकुम ने तीसरे सेट में लगातार तीन 10 लगाकर वापसी की और स्कोर 3-3 कर दिया. चौथे सेट के बाद ओह येजिन ने फिर 5-3 की बढ़त हासिल कर ली. इसके बाद कुमकुम ने निर्णायक पांचवें सेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 30 अंक हासिल किए और मुकाबले को 5-5 की बराबरी पर ला दिया. इसके बाद गोल्ड का फैसला शूट-ऑफ से हुआ. शूट-ऑफ में ओह येजिन ने 8 अंक बनाए, जबकि कुमकुम ने दबाव के बीच परफेक्ट 10 लगाया. इस एक तीर ने भारतीय तीरंदाज को गोल्ड मेडल दिला दिया.
वर्ल्ड चैंपियन को भी क्वार्टर फाइनल में हराया
कुमकुम का गोल्ड मेडल तक का सफर भी काफी अच्छा रहा. क्वार्टर फाइनल में उन्होंने दक्षिण कोरिया की मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन कांग चाएयंग को 6-4 से हराकर बड़ा उलटफेर किया. इसके बाद सेमीफाइनल में चीन की झू जिंगयी को 6-2 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई. झू जिंगयी 2025 वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीत चुकी थीं. ऐसे में कुमकुम के लिए फाइनल तक का सफर आसान नहीं था. लेकिन अपने प्रतिभा के दम पर कुमकुम ने इसे आसान बनाया.
एक ही एशियन गेम्स में तीन मेडल
कुमकुम मोहोड के लिए एशियन गेम्स 2026 बेहद खास रहा है. व्यक्तिगत रिकर्व गोल्ड से पहले वह महिला रिकर्व टीम के साथ भी गोल्ड जीत चुकी हैं. उन्होंने अंकिता भकत और कीर्ति शर्मा के साथ मिलकर दक्षिण कोरिया को हराकर भारत को इस इवेंट में पहला एशियन गेम्स गोल्ड दिलाया था. इसके अलावा कुमकुम ने धीरज बोम्मदेवरा के साथ मिश्रित रिकर्व टीम में सिल्वर मेडल भी जीता. इस तरह उनके खाते में इस एशियन गेम्स में अब दो गोल्ड और एक सिल्वर हो गए हैं.
भारतीय तीरंदाजी के लिए बड़ा रिकॉर्ड
कुमकुम की व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में जीत भारतीय तीरंदाजी के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है. इससे पहले एशियन गेम्स में भारत का व्यक्तिगत रिकर्व पदक पुरुष वर्ग में तरुणदीप राय के 2010 ग्वांगझू सिल्वर के रूप में आया था. अब कुमकुम ने महिला वर्ग में भारत को पहली बार इस स्पर्धा का पदक और गोल्ड दिलाया है. वहीं, महिला रिकर्व में दक्षिण कोरिया की लंबे समय से चली आ रही बादशाहत को भी भारतीय तीरंदाजों ने चुनौती दी है. 2026 में भारत ने महिला टीम और व्यक्तिगत दोनों रिकर्व स्पर्धाओं में गोल्ड जीता.
LA 2028 ओलंपिक का कोटा भी हासिल
कुमकुम की सेमीफाइनल जीत के साथ ही भारत ने लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक के लिए एक व्यक्तिगत कोटा स्थान सुनिश्चित कर लिया था. फाइनल में गोल्ड जीतने के बाद यह उपलब्धि और खास हो गई. हालांकि, उपलब्ध नियमों के अनुसार यह कोटा देश के नाम होता है, किसी खिलाड़ी के व्यक्तिगत नाम पर स्थायी रूप से नहीं।