‘स्किल वालों का रोजगार कोई नहीं छीन सकता’, PM मोदी ने युवाओं को दिया बड़ा संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लखनऊ में आयोजित 5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए युवाओं के हुनर और कौशल विकास के महत्व पर जोर दिया.
PM मोदी ने युवाओं को दिया बड़ा संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 21 नवंबर को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचे, जहां उन्होंने 5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में हिस्सा लिया. देशभर से आए युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने खुद को उत्तर प्रदेश का सांसद बताया और कहा कि उनके लिए यह गर्व और सौभाग्य की बात है कि उन्हें युवा साथियों का स्वागत करने का अवसर मिला है. उन्होंने कौशल आधारित शिक्षा को विकसित भारत की बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि भविष्य में हुनरमंद लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में केवल डिग्री रखने वालों से ज्यादा हुनरमंद युवाओं की मांग बढ़ेगी. इस दौरान प्रधानमंत्री ने सोने की खरीदारी को लेकर भी बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि एक साल पहले उनकी अपील पर देशवासियों ने सोना कम खरीदा, जिससे लोगों के पैसे बचे.

‘मेरे कहने पर लोगों ने कम सोना खरीदा और उनके पैसे बच गए’

समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सोने की खरीदारी को लेकर अपनी पुरानी अपील का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि एक साल पहले उन्होंने देशवासियों से आग्रह किया था कि यदि बहुत जरूरी न हो तो एक साल तक सोना खरीदने से बचें. पीएम मोदी ने कहा, “मुझे इस बात की खुशी है कि जिस तरह लाल बहादुर शास्त्री जी ने देशवासियों से एक समय का भोजन छोड़ने का आह्वान किया था और पूरे देश ने उनकी बात मानी थी, मेरे देश का चरित्र आज भी वैसा ही है.”

उन्होंने आगे दावा किया कि उनके आग्रह के बाद देशवासियों ने सोने की खरीदारी कम की और सोने के दाम गिर गए. प्रधानमंत्री ने कहा कि लोग अब उन्हें बता रहे हैं कि उनकी सलाह मानने से उनके पैसे बच गए.

‘IIT हो या ITI, दोनों ही देश की असली संपत्ति हैं’

प्रधानमंत्री मोदी ने आईआईटी और आईटीआई के छात्रों को देश के भविष्य की ताकत बताया. उन्होंने कहा कि शनिवार सुबह वह दिल्ली से पश्चिम बंगाल गए थे, जहां उनका पहला कार्यक्रम भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान यानी IIT में था. इसके बाद वह उसी उत्साह के साथ लखनऊ में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों यानी ITI के छात्रों के बीच पहुंचे. पीएम मोदी ने कहा, “मेरे लिए चाहे वह आईआईटी हो या आईटीआई, ये दोनों ही मेरे देश की असली संपत्ति हैं, देश का सामर्थ्य हैं और देश का भविष्य हैं.”

उन्होंने कहा कि आईटीआई में पढ़ाई के दौरान युवाओं ने जो हुनर हासिल किया है, वह विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. प्रधानमंत्री ने जोर दिया कि देश की प्रगति के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल भी जरूरी है.

‘आक्रांताओं ने सबसे पहले भारत के हुनर पर चोट की’

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय देश अपनी समृद्धि और कारीगरी के कारण पूरी दुनिया में प्रसिद्ध था. उन्होंने दावा किया कि विदेशी आक्रांताओं ने भारत की इसी ताकत को कमजोर करने का प्रयास किया.

प्रधानमंत्री ने कहा कि उस दौर में कुशल कारीगरों को निशाना बनाया गया और उनके अंगूठे तक काट दिए जाते थे, ताकि वे अपनी कला और कौशल का इस्तेमाल न कर सकें. उनके मुताबिक, आक्रांता जानते थे कि भारतीय कारीगरों का हुनर ही देश की समृद्धि का बड़ा आधार है.

‘अंग्रेजों ने कौशल आधारित शिक्षा को कागजी क्लर्क बनाने तक सीमित कर दिया’

पीएम मोदी ने ब्रिटिश शासन की शिक्षा व्यवस्था की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने भारत में कौशल आधारित परंपराओं को कमजोर करने के लिए शिक्षा का स्वरूप बदल दिया. प्रधानमंत्री ने मैकाले की शिक्षा व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि अंग्रेजों ने ऐसी प्रणाली लागू की, जिसमें व्यावहारिक कौशल के बजाय कागजी कामकाज को अधिक महत्व दिया जाने लगा. उन्होंने आरोप लगाया कि ब्रिटिश शासन ने भारतीय कारीगरी को कमजोर कर अपने देश के उद्योगों को आगे बढ़ाया.

पीएम मोदी के मुताबिक, इसी व्यवस्था के प्रभाव से समाज में दफ्तरों में काम करने वालों को अधिक सम्मान मिलने लगा, जबकि हाथ से काम करने वाले कुशल कारीगरों की प्रतिष्ठा कम होती चली गई.

‘ITI के छात्रों को भी IIT जितना सम्मान दिलाकर रहूंगा’

प्रधानमंत्री मोदी ने समाज में आईटीआई की पढ़ाई को लेकर बनी धारणा पर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि कई परिवारों में आज भी यदि कोई बच्चा आईटीआई में दाखिला लेता है तो माता-पिता अपने रिश्तेदारों को यह बताने से हिचकिचाते हैं. उन्होंने कहा, “मैंने ठान लिया है कि मुझे इस परिस्थिति को बदलना है, जितना सम्मान आईआईटी के लोगों को होगा, उतना ही सम्मान मेरे आईटीआई के बच्चों का भी होगा.”

प्रधानमंत्री ने युवाओं को अपने हुनर पर गर्व करने का संदेश देते हुए कहा कि आने वाला समय कौशल और तकनीकी दक्षता का होगा. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि केवल औपचारिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि किसी काम में दक्षता हासिल करना भी सफलता और रोजगार का महत्वपूर्ण आधार है.

संबंधित खबरें

राहुल के आर्थिक बयान पर ट्रंप का जवाब? भारत की 7% ग्रोथ का किया जिक्र

‘स्किल वालों का रोजगार कोई नहीं छीन सकता’, PM मोदी ने युवाओं को दिया बड़ा संदेश

हरिद्वार में IB के SP पर जानलेवा हमला, ड्राइवर ने माथे के पास मारी गोली

बिहार में शुरू हुआ नीतीश सेतु, 6 लेन के पुल से इन इलाकों को मिलेगा बड़ा फायदा

बिहार को PM मोदी की बड़ी सौगात, 4280 करोड़ के ‘नीतीश सेतु’ का किया उद्घाटन

Recommended Stories

राहुल के आर्थिक बयान पर ट्रंप का जवाब? भारत की 7% ग्रोथ का किया जिक्र

‘स्किल वालों का रोजगार कोई नहीं छीन सकता’, PM मोदी ने युवाओं को दिया बड़ा संदेश

हरिद्वार में IB के SP पर जानलेवा हमला, ड्राइवर ने माथे के पास मारी गोली

बिहार में शुरू हुआ नीतीश सेतु, 6 लेन के पुल से इन इलाकों को मिलेगा बड़ा फायदा

बिहार को PM मोदी की बड़ी सौगात, 4280 करोड़ के ‘नीतीश सेतु’ का किया उद्घाटन