हाल ही में सुपरनोवा में हुए सुसाइड मामले के बाद एक और मामला सामने आया है. जिससे एक बार फिर मानसिक स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ा दी है. पिछले दिनों में नोएडा के सुपरनोवा सोसाइटी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर संभव जैन की मौत के बाद अब ग्रेटर नोएडा में फिर से एक शख़्स की आत्महत्या का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है ये दुर्घटना शुक्रवार की सुबह की है जब युवक 12वी मंज़िल से छलांग लगा दी. जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
घटना की जानकरी मिलने पर बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को पोस्टपार्टम के लिए भेज दिया है. रिपोर्ट्स के अनुसार, परिजनों ने अनिल के कुछ दिनों से मानसिक तनाव में रहने की बात कही, अभी तक मौत के पीछे की असली वज़ह साफ़ नहीं हो पायी है.
तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे सुरक्षा गार्ड
लोगो ने जानकारी सामने आने पर पता चला की शुक्रवार सुबह सोसाइटी परिसर में अचानक तेज आवाज सुनाई दी. इसके बाद सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे और युवक को गंभीर हालत में देखा. जिसके बाद उन्होंने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी. अनिल कुमार को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके. घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
रिश्तेदार के घर रह रहे थे अनिल कुमार
बताया जा रहा है कि अनिल कुमार एक निजी कंपनी में काम करते थे और अपनी पत्नी तथा छोटी बेटी के साथ नोएडा के सेक्टर-121 में रहते थे. परिजनों के मुताबिक, वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रहे थे. इसी वजह से रिश्तेदार उन्हें अपने घर ले आए थे, ताकि उनकी देखभाल की जा सके और उन्हें बेहतर माहौल मिल सके. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है. पुलिस परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है, ताकि युवक की मानसिक स्थिति और हाल के घटनाक्रमों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके.
डिप्रेशन और आर्थिक परेशानी की आशंका
मामले में मानसिक तनाव की बात सामने आई है. वहीं, आर्थिक परेशानी या कर्ज से जुड़ी किसी समस्या की भी आशंका जताई जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले कारणों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
मानसिक स्वास्थ्य को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी
लगातार तनाव, आर्थिक दबाव, पारिवारिक समस्याएं और काम से जुड़ी परेशानियां किसी व्यक्ति के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती हैं. ऐसे में तनाव से जूझ रहे व्यक्ति की बात सुनना, उसे भावनात्मक सहयोग देना और जरूरत पड़ने पर मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ की मदद लेना महत्वपूर्ण है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.