प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच पहली सीधी रेल सेवा की शुरुआत हो गई है. सोमवार (23 नवंबर) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. भारत और नेपाल के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को नई मजबूती देने वाली इस ट्रेन का नियमित संचालन 28 नवंबर से शुरू होगा.
करीब 19 घंटे में पूरा होगा 604 किलोमीटर का सफर
अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी है. वाल्मीकि रामायण के अनुसार, राजा दशरथ को भगवान श्रीराम की बारात लेकर अयोध्या से जनकपुर पहुंचने में चार दिन लगे थे, लेकिन अब श्रद्धालु यह सफर करीब 19 घंटे में पूरा कर सकेंगे.
इन 10 स्टेशनों पर रुकेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस
सरयू-कमला एक्सप्रेस उत्तर प्रदेश और बिहार के 10 स्टेशनों पर रुकेगी. इनमें अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो (दरभंगा), मधुबनी और जयनगर शामिल हैं. जयनगर भारत में इस ट्रेन का आखिरी स्टेशन होगा. इसके बाद ट्रेन अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करते हुए नेपाल के जनकपुर धाम पहुंचेगी.
क्या होगी सरयू-कमला एक्सप्रेस की टाइमिंग?
निर्धारित समय सारिणी के मुताबिक, गाड़ी संख्या 15596 प्रत्येक सोमवार शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होगी. यह ट्रेन सोमवार रात 10:13 बजे गोरखपुर, मंगलवार तड़के 1:50 बजे नरकटियागंज, सुबह 4:42 बजे सीतामढ़ी और सुबह 8:30 बजे जयनगर पहुंचेगी. इसके बाद नेपाली समयानुसार मंगलवार दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी.
वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 15595 प्रत्येक शनिवार को नेपाली समयानुसार दोपहर 1:10 बजे जनकपुर धाम से अयोध्या कैंट के लिए रवाना होगी. यह ट्रेन जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल और नरकटियागंज होते हुए रविवार सुबह 3:55 बजे गोरखपुर पहुंचेगी. इसके बाद बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम होते हुए सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी.
बिना वीजा कर सकेंगे नेपाल की यात्रा
इस ट्रेन से नेपाल जाने वाले भारतीय नागरिकों को वीजा की आवश्यकता नहीं होगी. यात्रियों को अपने साथ वैध वोटर आईडी कार्ड या पासपोर्ट रखना अनिवार्य होगा. अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करते समय जयनगर में यात्रियों के पहचान पत्र और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जाएगी. ऐसे में यात्रियों को अपने मूल पहचान पत्र साथ रखने की सलाह दी गई है.
कितने एसी और स्लीपर कोच होंगे?
सरयू-कमला एक्सप्रेस का संचालन आधुनिक 17 कोच वाले एलएचबी रैक से किया जाएगा. इसमें आठ वातानुकूलित कोच, सात स्लीपर श्रेणी के कोच, एक एलएसएलआरडी और एक एलडब्ल्यूएलआरआरएम कोच शामिल होगा. एसी द्वितीय श्रेणी के दो कोच में 52-52 बर्थ, एसी तृतीय श्रेणी के तीन कोच में 72-72 बर्थ और एसी तृतीय श्रेणी इकोनॉमी के तीन कोच में 80-80 बर्थ की व्यवस्था होगी. इसके अलावा सात स्लीपर कोच में प्रत्येक में 80 बर्थ और एलएसएलआरडी कोच में 38 सीटें उपलब्ध होंगी. एलडब्ल्यूएलआरआरएम कोच विद्युत उत्पादन के लिए लगाया गया है.
धार्मिक पर्यटन के साथ व्यापार को भी मिलेगा बढ़ावा
इस रेल सेवा की शुरुआत से रामायण सर्किट से जुड़े धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. इसके साथ ही शिक्षा, व्यापार और पारिवारिक कार्यों के लिए भारत और नेपाल के बीच यात्रा करने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी. खासतौर पर बिहार और नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले नागरिकों को यात्री परिवहन का नया विकल्प मिलेगा, जिससे दोनों देशों के आर्थिक और सामाजिक संबंधों को और मजबूती मिलेगी.


