कन्नौज में पूर्व BJP सांसद सुब्रत पाठक के काफिले की स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराई, हेड कॉन्स्टेबल की मौत

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हादसा, टायर फटने से गाड़ी अनियंत्रित होने की आशंका; घायल सिपाही और ड्राइवर कानपुर रेफर
कन्नौज में पूर्व BJP सांसद सुब्रत पाठक के काफिले की स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराई

उत्तर प्रदेश के कन्नौज में मंगलवार दोपहर पूर्व भाजपा सांसद सुब्रत पाठक के काफिले में शामिल स्कॉर्पियो भीषण हादसे का शिकार हो गई। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर माइलस्टोन-145 के पास स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में सुरक्षा में तैनात हेड कॉन्स्टेबल अभिषेक त्रिपाठी की मौत हो गई, जबकि सिपाही कुंवरपाल और ड्राइवर शरद प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर किया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेस-वे की टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। स्कॉर्पियो को क्रेन की मदद से सड़क से हटाया गया। घटना के समय सुब्रत पाठक इटावा से कन्नौज जा रहे थे।

टायर फटने से गाड़ी अनियंत्रित होने का दावा

पूर्व सांसद सुब्रत पाठक के मुताबिक, स्कॉर्पियो उनकी ही गाड़ी थी, जिसमें उनके सुरक्षाकर्मी सफर कर रहे थे। उन्होंने बताया कि टायर फटने के कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकरा गई।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी। हालांकि, वाहन की वास्तविक गति और दुर्घटना के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

सुब्रत पाठक की कार से करीब 100 मीटर पीछे थी स्कॉर्पियो

जानकारी के मुताबिक, सुब्रत पाठक की कार काफिले में आगे चल रही थी, जबकि सुरक्षाकर्मियों और ड्राइवर को लेकर स्कॉर्पियो पीछे थी। दोनों वाहनों के बीच करीब 100 मीटर की दूरी थी। हादसे की जानकारी मिलते ही पूर्व सांसद ने अपना वाहन रुकवाया और डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

इसके बाद सुब्रत पाठक और अन्य लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। हेड कॉन्स्टेबल अभिषेक त्रिपाठी, सिपाही कुंवरपाल और ड्राइवर शरद प्रकाश को तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने हेड कॉन्स्टेबल अभिषेक त्रिपाठी को मृत घोषित कर दिया। वह फतेहपुर के रहने वाले थे। वहीं, एटा निवासी सिपाही कुंवरपाल और औरैया निवासी ड्राइवर शरद प्रकाश की हालत गंभीर बताई गई। दोनों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया। एसपी विनोद कुमार भी पुलिस बल के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे।

2019 में भी एक्सप्रेस-वे पर हादसे में हुई थी पिता और चाचा की मौत

सुब्रत पाठक के परिवार के साथ भी वर्ष 2019 में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हादसा हुआ था। 3 फरवरी 2019 को उनके पिता ओमप्रकाश पाठक और चाचा महेश चंद्र परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दिल्ली से घर लौट रहे थे। कन्नौज में माइलस्टोन-192 के पास घने कोहरे के कारण उनकी एसयूवी सड़क किनारे खड़े डंपर के पिछले हिस्से से टकरा गई थी। इसके बाद पीछे से आ रही एक बस ने भी एसयूवी को टक्कर मार दी थी।

उस दुर्घटना में ओमप्रकाश पाठक और महेश चंद्र की मौत हो गई थी, जबकि अशोक कुमार, आभा तिवारी और जयशंकर तिवारी घायल हुए थे।

2019 में डिंपल यादव को हराया, 2024 में अखिलेश यादव से हारे

सुब्रत पाठक कन्नौज लोकसभा सीट से भाजपा के पूर्व सांसद हैं। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार डिंपल यादव को 12,353 वोटों से हराया था। इस जीत के बाद वह राष्ट्रीय राजनीति में चर्चा में आए। 2024 के लोकसभा चुनाव में कन्नौज सीट से समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनाव लड़ा और सुब्रत पाठक को करीब 1.70 लाख वोटों के अंतर से हराया।

संबंधित खबरें

केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन का इस्तीफा, राज्यसभा सदस्यता भी छोड़ने का फैसला

लद्दाख पर चीन को भारत का दो टूक जवाब, MEA बोला- इनकार से नहीं बदलेगा सच

कन्नौज में पूर्व BJP सांसद सुब्रत पाठक के काफिले की स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराई, हेड कॉन्स्टेबल की मौत

कब और कहां होगा भारत-वेस्टइंडीज का चौथा मुकाबला? जानें लाइव स्ट्रीमिंग समेत पूरी डिटेल

‘कांग्रेस ने CEC को मंत्री और राज्यपाल बनाया’, राहुल गांधी के आरोपों पर पीयूष गोयल का पलटवार

Recommended Stories

केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन का इस्तीफा, राज्यसभा सदस्यता भी छोड़ने का फैसला

लद्दाख पर चीन को भारत का दो टूक जवाब, MEA बोला- इनकार से नहीं बदलेगा सच

कन्नौज में पूर्व BJP सांसद सुब्रत पाठक के काफिले की स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराई, हेड कॉन्स्टेबल की मौत

कब और कहां होगा भारत-वेस्टइंडीज का चौथा मुकाबला? जानें लाइव स्ट्रीमिंग समेत पूरी डिटेल

‘कांग्रेस ने CEC को मंत्री और राज्यपाल बनाया’, राहुल गांधी के आरोपों पर पीयूष गोयल का पलटवार