सीजेपी (CJP) नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को SEM कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने दोनों को जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है। इस फैसले के बाद CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया।
अभिजीत दीपके ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की फिल्म ‘चक दे! इंडिया’ का एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में शाहरुख खान भावुक नजर आ रहे हैं। दीपके की इस पोस्ट को सौरव दास और आशुतोष रांका को मिली राहत से जोड़कर देखा जा रहा है।
सौरव दास बोले- सत्य की जीत हुई
SEM कोर्ट के फैसले पर सौरव दास ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘सत्य की जीत हुई है.’
दिल्ली की स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (SEM) ने जंतर-मंतर पर 14 अक्टूबर को हुए प्रदर्शन से जुड़े मामले में बुधवार (21 अक्टूबर) को सीजेपी नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को रिहा करने का आदेश दिया। दोनों को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां सुनवाई के दौरान जमानतदारों के दस्तावेज भी जमा किए गए।
14 अक्टूबर को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए थे
सौरव दास और आशुतोष रांका को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन स्थल के रूप में प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद वहां प्रवेश करने और शांति बनाए रखने के लिए दिए गए बॉन्ड का उल्लंघन करने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। इसके बाद 14 अक्टूबर को दोनों को शुरुआती तौर पर पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
कोर्ट ने दो दिन के लिए बढ़ाई थी हिरासत
19 अक्टूबर को कोर्ट ने दोनों की न्यायिक हिरासत दो दिन के लिए बढ़ा दी थी, जिसकी अवधि बुधवार को समाप्त होनी थी। इससे पहले, दिल्ली हाई कोर्ट ने दास और रांका की न्यायिक हिरासत के मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया था। अदालत ने उन्हें SEM के समक्ष निर्धारित सुनवाई के फैसले का इंतजार करने और राहत नहीं मिलने की स्थिति में अपीलीय अदालत का रुख करने को कहा था।