नई दिल्ली: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में INDIA गठबंधन रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली कर रहा है. रैली में शामिल होने के लिए विपक्षी दलों के नेता और कार्यकर्ता जुटने लगे हैं. इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर दिल्ली के लोगों से मार्च में शामिल होने की अपील की. राहुल गांधी ने अपने संदेश में लिखा, “दिल्ली, तैयार हो जाओ! वोट बचाओ, देश बचाओ. कनॉट प्लेस आइए, साथ चलते हैं. या सीधे रामलीला मैदान में मिलते हैं- मगर, आना जरूर है. आज दोपहर 12 बजे.”
राहुल गांधी ने साझा किया मार्च का रूट मैप
रैली से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर मार्च का रूट मैप भी साझा किया. इसके मुताबिक, विपक्षी नेताओं और समर्थकों का मार्च कनॉट प्लेस के मिंटो रोड से शुरू होकर अजमेरी गेट होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगा. विपक्षी नेताओं ने मिंटो रोड से मार्च शुरू कर दिया है. INDIA गठबंधन के कई नेता बसों के जरिए कार्यक्रम स्थल की ओर रवाना हुए. रामलीला मैदान में विपक्ष के वरिष्ठ नेता सभा को संबोधित करेंगे.
‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे के साथ जुटा विपक्ष
INDIA गठबंधन की इस रैली का मुख्य मुद्दा SIR और मतदाता सूची में बदलाव को लेकर विपक्ष की आपत्तियां हैं. विपक्षी दल चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की मांग कर रहे हैं. रैली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ गठबंधन के अन्य घटक दलों के नेता भी शामिल हो रहे हैं. राहुल गांधी की अपील के बाद पार्टी समर्थकों से बड़ी संख्या में पहुंचने का आग्रह किया गया है.
INDIA गठबंधन के प्रदर्शन के जवाब में BJP का प्रोटेस्ट
रामलीला मैदान में विपक्ष की महारैली के बीच बीजेपी ने भी दिल्ली में काउंटर-प्रोटेस्ट का ऐलान किया है. यह मार्च केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के नेतृत्व में पश्चिमी दिल्ली में निकाला जाना प्रस्तावित है. दी गई जानकारी के मुताबिक, इस मार्च में करीब 5,000 लोगों के शामिल होने का अनुमान है. इसमें 1984 के सिख विरोधी दंगों में मारे गए लोगों के परिजनों और सिख समुदाय के सदस्यों के शामिल होने की बात कही गई है. बीजेपी का यह मार्च हरि नगर बस डिपो से तिलक नगर मेट्रो स्टेशन तक निकाला जाना है. करीब एक किलोमीटर लंबे इस मार्च का समय सुबह 11:30 बजे निर्धारित किया गया है.


