नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर से बड़ा हादसा हो गया. सोलुखुम्बु जिले के फेरिचे हेलीपैड पर लैंडिंग के दौरान फिश टेल एयर और डाइनेस्टी एयर के हेलीकॉप्टर आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए. इस हादसे में एक विदेशी नागरिक की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक नेपाली नागरिक के घायल होने की खबर है. घटना का खौफनाक वीडियो भी सामने आया है.
लैंडिंग के दौरान आपस में टकराए रोटर ब्लेड
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों हेलीकॉप्टर फेरिचे हेलीपैड पर उतरने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान उनके रोटर ब्लेड एक-दूसरे से टकरा गए. टक्कर इतनी गंभीर थी कि दोनों हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गए. हादसे के बाद हेलीपैड के आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
विदेशी नागरिक की मौत, नेपाली नागरिक घायल
इस दुर्घटना में अब तक एक विदेशी नागरिक की मौत की पुष्टि हुई है. हालांकि, मृतक की पहचान और राष्ट्रीयता को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. वहीं, एक नेपाली नागरिक के घायल होने की सूचना है. शुरुआती रिपोर्टों में कुछ अन्य लोगों के घायल होने की भी बात कही गई है.
सामने आया हादसे का खौफनाक VIDEO
हेलीकॉप्टरों की टक्कर का वीडियो भी सामने आया है. इस घटना के बाद एवरेस्ट क्षेत्र में हेलीकॉप्टर संचालन और लैंडिंग के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
हादसे के कारणों और इसमें शामिल लोगों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है.


